ट्रैवल एजेंट की ठगी का शिकार युवक 3 साल बाद कंबोडिया से लौटा भारत ...
- पुर्तगाल भेजने के नाम पर लिए थे 7.5 लाख रुपये
- थाईलैंड होते हुए कंबोडिया भेजने का आरोप; पासपोर्ट भी रखा अपने पास
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
विदेश जाने की चाह में ट्रैवल एजेंट की कथित ठगी का शिकार हुआ जालंधर निवासी हरदीप कुमार करीब तीन साल बाद कंबोडिया से सुरक्षित भारत लौट आया। परिवार ने जब यह मामला राज्यसभा सदस्य एवं पर्यावरणविद संत बलबीर सिंह सीचेवाल के संज्ञान में लाया, तो उनके कार्यालय की ओर से विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क कर हरदीप की सुरक्षित वापसी के लिए हस्तक्षेप की मांग की गई।
परिवार के अनुसार, एक ट्रैवल एजेंट ने हरदीप कुमार को पुर्तगाल भेजने का झांसा देकर करीब 7.5 लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि पुर्तगाल भेजने के बजाय उसे पहले थाईलैंड और फिर कंबोडिया भेज दिया गया। कंबोडिया पहुंचने के बाद उसका पासपोर्ट भी वापस नहीं किया गया। इसी दौरान मई 2025 में उसका वीजा भी समाप्त हो गया, जिसके बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गईं।
सड़क हादसे में टूटा पैर, करीब 15 महीने तक झेली मुश्किलें
निर्मल कुटिया सुल्तानपुर लोधी पहुंचे हरदीप कुमार ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि कंबोडिया में रहने के दौरान वह एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गए थे, जिसमें उनका पैर टूट गया। हादसे के बाद उन्हें लंबे समय तक उचित इलाज और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल सकीं। परिवार के अनुसार, करीब 15 महीने तक उन्होंने बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना किया।
9 जून को सीचेवाल से लगाई मदद की गुहार
हरदीप कुमार के परिवार ने 9 जून 2026 को राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल से संपर्क कर उन्हें कंबोडिया से सुरक्षित भारत वापस लाने में मदद की अपील की। मामले की गंभीरता को देखते हुए संत सीचेवाल ने विदेश मंत्रालय को ईमेल के माध्यम से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
परिवार के मुताबिक, अपेक्षित कार्रवाई न होने पर मामला दोबारा विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया गया। इसके साथ ही कंबोडिया स्थित भारतीय मिशन के साथ तालमेल कर हरदीप कुमार की मदद और सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।
लगातार किए गए प्रयासों के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई की और आखिरकार 29 अगस्त 2026 को हरदीप कुमार अपने परिवार के बीच सुरक्षित भारत लौट आए।
परिवार ने सीचेवाल का जताया आभार
हरदीप कुमार की सुरक्षित वापसी के बाद परिवार ने संत बलबीर सिंह सीचेवाल का आभार जताया। परिवार ने कहा कि उन्होंने मामले को विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के साथ-साथ लगातार फॉलो-अप किया, जिसके चलते हरदीप की भारत वापसी संभव हो सकी।
संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि नौकरी और बेहतर भविष्य की उम्मीद में विदेश जाने वाले युवाओं को ट्रैवल एजेंटों के झूठे वादों और गैर-कानूनी तरीकों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं और उनके परिवारों से अपील की कि विदेश जाने से पहले एजेंट और पूरी प्रक्रिया की अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें तथा केवल कानूनी और सरकार द्वारा मंजूर माध्यमों से ही विदेश जाने की प्रक्रिया पूरी करें।



.jpg)







.jpeg)














No comments