रेलवे कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर कल करेंगे प्रदर्शन ...
- RCF वर्कशॉप गेट पर होगा राष्ट्रव्यापी रोष प्रदर्शन-- RCFEU
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
RCF में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर चौक, वर्कशॉप गेट पर RCFEU की तरफ से IREF के राष्ट्रीय आह्वान पर एक व्यापक पाम्पलेट वितरण अभियान चलाया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम यूनियन के अध्यक्ष अमरीक सिंह की अगुवाई और नेतृत्व में पूरी ऊर्जा के साथ संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत रेल कर्मचारियों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में कल 23 सितम्बर को सुबह 7:30 बजे वर्कशॉप गेट पर एक जोरदार रोष प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह रोष प्रदर्शन केवल एक इकाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इंडियन रेलवे एम्पलाइज फेडरेशन के आह्वान पर संपूर्ण भारतीय रेलवे में रेल कर्मचारियों द्वारा एकजुट होकर किया जा रहा है। फेडरेशन के राष्ट्रीय नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश पांडेय और महासचिव सर्वजीत सिंह के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत देश भर के रेलकर्मी अपनी विभिन्न न्यायसंगत मांगों को बुलंद कर रहे हैं।
यूनियन के महासचिव सर्वजीत सिंह ने इस संबंध में कड़ा बयान जारी करते हुए कहा कि आज देश और भारतीय रेलवे गंभीर चुनौतियों के दौर से गुजर रहे हैं। जहां केंद्र सरकार की नीतियों के कारण कर्मचारियों के अधिकार लगातार छीने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में उत्पादन लिंक्ड बोनस (PLB) का भुगतान सातवें वेतन आयोग के अनुसार कम से कम 18,000 रुपये के न्यूनतम वेतन को आधार बनाकर (46,159 रुपये) सुनिश्चित किया जाए; एनपीएस/यूपीएस को पूरी तरह रद्द कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल की जाए, आठवें वेतन आयोग की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए तथा IREF को बीआरएमएस की तर्ज पर रेलवे बोर्ड में उचित मान्यता एवं प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाए।
इसके साथ ही महासचिव सर्वजीत सिंह ने मांग की कि भारतीय रेलवे में खाली पड़े लाखों पदों पर तत्काल नियमित भर्तियां की जाएं, रेलवे में निजीकरण, पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI), ठेकेदारी एवं आउटसोर्सिंग पर तुरंत रोक लगाई जाए। और चार श्रम संहिताओं (Labour Codes) को निरस्त किया जाए। उन्होंने यह भी मुद्दा प्रमुखता से उठाया कि रेल कर्मचारियों के माता-पिता को परिवार का सदस्य मानकर उन्हें रेलवे पास, मेडिकल जैसी तमाम मूलभूत अनुमन्य सुविधाएं प्रदान की जाएं।
यूनियन ने तमाम रेल कर्मचारियों, नौजवानों और मेहनतकशों से अपील की है कि वह कल सुबह 7:30 बजे वर्कशॉप गेट पर भारी संख्या में पहुंचकर इस राष्ट्रव्यापी रोष प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाएं।

.png)

.jpg)







.jpeg)














No comments