35 लाख रुपये के विकास कार्यों से गुरु नानक स्टेडियम की बदलेगी सूरत....
- स्टेडियम के मुख्य मार्ग, नए शौचालय, एथलेटिक्स ट्रैक, सीढ़ियों और अन्य बुनियादी ढांचे की मरम्मत शामिल
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 35 लाख रुपये के विकास एवं मरम्मत कार्य शुरू किए जाने से कपूरथला शहर के गुरु नानक स्टेडियम की सूरत बदलने जा रही है।
विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए DC आकाश बांसल ने बताया कि 35 लाख रुपये की अनुमानित लागत से स्टेडियम में विभिन्न विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। प्रस्तावित कार्यों में स्टेडियम के आंतरिक हिस्से की मरम्मत, स्टेडियम के मुख्य मार्ग और खिलाड़ियों के लिए नए शौचालय ब्लॉकों का निर्माण, एथलेटिक्स ट्रैक एवं सीढ़ियों की मरम्मत व सुधार, सफेदी (रंग-रोगन) के अलावा अन्य आवश्यक सिविल एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं।
इस दौरान नगर निगम कमिश्नर अनुपम क्लेर ने बताया कि स्टेडियम में अपग्रेड की गई सुविधाओं से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। साथ ही, युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में मौजूदा खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करना एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक खेल बुनियादी ढांचा और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए मौजूदा खेल सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है तथा आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ये कार्य चार महीने के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे।
क्लेर ने यह भी बताया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी कार्य निर्धारित नियमों के अनुसार और तय समय सीमा के भीतर ही करवाए जाएं। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्टों की गुणवत्ता और समय पर पूरा होने को सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी भी की जाएगी।



.jpg)







.jpeg)














No comments