श्री गणेश उत्सव-- 14 सितंबर को होगी श्री गणेश की स्थापना, जानें शुभ मुहूर्त ...
- मध्याह्न काल में गणपति स्थापना और पूजा करना रहेगा विशेष शुभ -- पंडित घनश्याम पांडेय
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाने वाली गणेश चतुर्थी इस वर्ष 14 सितंबर सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस दिन घरों, मंदिरों और विभिन्न गणेश उत्सव संगठनों दवारा भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।
कपूरथला के प्रसिद्ध पंडित घनश्याम पांडेय ने बताया कि पंचांग के अनुसार गणेश चतुर्थी की तिथि 14 सितंबर की सुबह करीब 7:06 बजे से शुरू होकर 15 सितंबर की सुबह करीब 7:44 बजे तक रहेगी। उदय तिथि के आधार पर गणेश चतुर्थी का पर्व 14 सितंबर को ही मनाया जाएगा।
पंडित घनश्याम पांडेय के अनुसार भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना एवं पूजा के लिए मध्याह्न काल सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। पंजाब में इस दिन लगभग सुबह 11:10 बजे से दोपहर 1:40 बजे तक गणेश पूजन का शुभ समय रहेगा। श्रद्धालु इसी अवधि में गणपति की स्थापना कर विधिवत पूजा-अर्चना कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि गणेश स्थापना के समय भगवान गणेश को दूर्वा, लाल फूल, सिंदूर, मोदक और फल अर्पित करना शुभ माना जाता है। पूजा के दौरान भगवान गणेश के मंत्रों का जाप करते हुए परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, बुद्धि और सभी प्रकार के विघ्नों के निवारण की प्रार्थना करनी चाहिए।
पंडित पांडेय ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करते समय स्वच्छता और धार्मिक विधि-विधान का विशेष ध्यान रखें। पर्यावरण की सुरक्षा को देखते हुए मिट्टी अथवा प्राकृतिक सामग्री से बनी प्रतिमा को प्राथमिकता देना भी उचित रहेगा।
उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि श्रद्धा, संस्कार और सामाजिक एकता का पर्व भी है। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता माना जाता है, इसलिए इस दिन सच्ची श्रद्धा से उनकी आराधना करने से मन को सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति प्राप्त होती है।
गौरतलब है कि इस वर्ष गणेश उत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर होगा। हालांकि श्रद्धालु अपनी परंपरा के अनुसार डेढ़, तीन, पांच, सात अथवा अन्य निर्धारित दिनों के बाद भी गणपति विसर्जन कर सकते हैं।

.png)

.jpg)







.jpeg)














No comments