RCF कपूरथला पहुंचे रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य ....
- उत्पादन गतिविधियों का लिया जायजा
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाइयां) सुनील कुमार ने शनिवार को रेल कोच फैक्ट्री (RCF) कपूरथला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री की विभिन्न उत्पादन गतिविधियों और विनिर्माण सुविधाओं का निरीक्षण कर उत्पादन कार्यों की समीक्षा की। RCF पहुंचने पर महाप्रबंधक अजय नंदन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
दौरे के दौरान सुनील कुमार ने सबसे पहले शीट मेटल शॉप का निरीक्षण किया और वहां मशीनों के संचालन तथा उत्पादन प्रक्रिया का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने शेल असेंबली शॉप का दौरा कर कोच शेल के निर्माण और जिग्स सुविधा का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माणाधीन मेमू रेक की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अलावा बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार किए जा रहे कोच रेक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से सीटों की एक्सआरएफ तकनीक के माध्यम से की जा रही टेस्टिंग की प्रक्रिया को देखा। उन्होंने व्हील शॉप के समीप निर्धारित लाइन पर वंदे भारत ट्रेन के बोगी यूनिट्स का भी निरीक्षण किया।
वर्कशॉप के निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक अजय नंदन और RCF के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुनील कुमार को RCF की विभिन्न गतिविधियों, उत्पादन कार्यक्रमों और उपलब्धियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इस दौरान उत्पादन, गुणवत्ता, तकनीकी उन्नयन, वेंडर विकास और विभिन्न चल रही परियोजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में अतुल सिंह, प्रधान कार्यकारी निदेशक (उत्पादन इकाइयां) तथा दीपक त्रिपाठी, निदेशक/तकनीकी (राइट्स) सहित RCF के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुनील कुमार ने उच्च स्तरीय विनिर्माण और गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए बांग्लादेश रेलवे के कोच, मेमू कोच और वंदे भारत ट्रेनसेट जैसे महत्वपूर्ण उत्पादन कार्यक्रमों को पूरा करने के लिए RCF के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता, सुरक्षा और नवाचार पर विशेष ध्यान देने के साथ निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
दौरे के दौरान सुनील कुमार ने RCF की मान्यता प्राप्त यूनियनों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके सुझावों पर उचित ध्यान देने का आश्वासन दिया।



.jpg)







.jpeg)














No comments