कपूरथला में एक और बड़ी वारदात-- कपड़ा व्यापारी पर दुकान में घुसकर हमला ....
- कृपाणों से हमला कर किया घायल; CCTV में कैद हुई वारदात
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला शहर में रविवार को हत्या की ताजा घटना के बाद सराफा बाजार से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें कुछ अज्ञात युवकों ने एक कपड़ा व्यापारी की दुकान में घुसकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ की और कृपाणों से वार कर दुकानदार को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घायल दुकानदार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल दुकानदार ज्योतिका क्लॉथ हाउस के मालिक अशोक कुमार ने बताया कि दोपहर बाद कुछ युवक उनकी दुकान पर खरीददारी के लिए आए। सामान देखने के बाद उन्होंने कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं और वे पैसे लेकर वापस आएंगे। कुछ देर बाद वही युवक कुछ अन्य लोगों के साथ दुकान पर लौटे। बातचीत के दौरान अचानक विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए कृपाणों से हमला कर दिया। हमले में अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बेटे मोहित कुमार ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया।
दुकान मालिक ने बताया कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। घटना की सूचना तुरंत सिटी थाना पुलिस को दे दी गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने बताया कि पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



.jpg)







.jpeg)














No comments