ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में IDBI बैंक में लगी आग, लाखों का नुकसान ....

सुबह 5:59 बजे बैंक से धुआं निकलने की मिली सूचना, फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में पाया आग पर काबू; लॉकर क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित IDBI बैंक की शाखा में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बैंक से धुआं निकलता देख इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर अधिकारी गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:59 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित IDBI बैंक से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही टीम बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने बैंक के अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

फायर अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दस्तावेज और फर्नीचर को नुकसान

वहीं IDBI बैंक के ब्रांच मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली थी कि बैंक से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वह तुरंत बैंक पहुंचे। उस समय तक फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी थी और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया था।

आग पर काबू पाने के बाद बैंक के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया गया। ब्रांच मैनेजर के अनुसार, आग के कारण बैंक में रखे जरूरी दस्तावेजों, फर्नीचर और अन्य सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इस घटना में बैंक का लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

लॉकर क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित

घटना के बीच राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि बैंक का लॉकर क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है। आग से लॉकर क्षेत्र में किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है। इससे बैंक में रखे लॉकरों की सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता टल गई है।

फिलहाल फायर ब्रिगेड और बैंक प्रबंधन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के सही कारण और कुल नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

No comments