कपूरथला-- घरेलू विवाद के चलते व्यक्ति ने फंदा लगाकर की आत्महत्या....
- मृतक के भाई के बयान पर पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज, गिरफ्तार
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला की सबडिवीजन फगवाड़ा में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति द्वारा अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही फगवाड़ा सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के भाई के बयानों के आधार पर उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान विशाल शर्मा (48), पुत्र तिलक राज, निवासी न्यू मॉडल टाउन, फगवाड़ा के रूप में हुई है।
मृतक के भाई राहुल शर्मा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुक्रवार को उसका भाई विशाल शर्मा घर की ऊपरी मंजिल पर गया था। कुछ समय बाद जब उसका बेटा ऊपर गया तो उसने विशाल को फंदे से लटकते हुए देखा। बेटे ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने विशाल को फंदे से नीचे उतारा और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही फगवाड़ा सिटी थाना प्रभारी अमनप्रीत कौर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राहुल शर्मा के अनुसार, विशाल शर्मा का पिछले कुछ दिनों से अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। इसी घरेलू विवाद को आत्महत्या के पीछे का कारण माना जा रहा है।
फगवाड़ा सिटी थाना प्रभारी अमनप्रीत कौर ने बताया कि मृतक के भाई राहुल शर्मा के बयान के आधार पर मृतक की पत्नी अंजू शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार भी कर लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

.png)

.jpg)







.jpeg)














No comments