कपूरथला मॉडर्न जेल में कैदियों का हंगामा, FIR दर्ज ...
- तोड़फोड़ कर भागने की कोशिश का आरोप
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला मॉडर्न जेल के ई-ब्लॉक में बंद दो कैदियों पर जेल परिसर में तोड़फोड़ करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, ड्यूटी पर तैनात जेल स्टाफ के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करने और जेल से भागने का प्रयास करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में थाना कोतवाली कपूरथला पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल प्रशासन की ओर से सहायक सुपरिटेंडेंट राजकुमार ने बताया कि वह ई-ब्लॉक के प्रभारी के तौर पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े 10 बजे वार्डर गुरप्रीत सिंह, बेल्ट नंबर 6018, ने उन्हें सूचना दी कि चक्की नंबर-10 में बंद दो कैदियों ने अंदर जमकर तोड़फोड़ की है।
जेल प्रशासन के अनुसार, आरोपी कैदी रमनदीप सिंह उर्फ मंगू मठ पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी भोरा कॉलोनी, लुधियाना और बंदी राजा पुत्र बच्चू राम यादव, मूल निवासी छतरपुर, मध्य प्रदेश तथा हाल निवासी गुरबचन नगर, जालंधर ने कथित तौर पर चक्की के अंदर काफी नुकसान किया।
आरोप है कि दोनों कैदियों ने जेल से भागने के इरादे से गेट के पास लगी ईंटें तक उखाड़ दीं। इससे गेट को काफी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा चक्की नंबर-10 के दरवाजे के कोने का हिस्सा भी टूटा हुआ पाया गया।
जेल प्रशासन ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों कैदियों ने मौके पर ड्यूटी कर रहे जेल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद मामले की सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी गई।
थाना कोतवाली पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर दोनों कैदियों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा जेल से भागने का प्रयास करने के आरोपों में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



.jpg)







.jpeg)














No comments