ब्रेकिंग न्यूज़

पूर्व CM सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला, सुरक्षाकर्मी भी घायल ...

- हाथ पर लगी चोट, नांदेड़ साहिब में निहंग ने किया हमाला 

खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब  

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व CM सुखबीर सिंह बादल पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गुरुद्वारा माता साहिब कौर में एक निहंग ने सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान बादल के हाथ पर चोट लगी, जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी संतोष हेगड़े भी हमलावर को रोकने की कोशिश में घायल हो गए।

घटना वीरवार को दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। सुखबीर सिंह बादल परिवार के साथ नांदेड़ साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकने पहुंचे थे। हमले के बाद उन्हें उपचार के लिए यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीँ महाराष्ट्र पुलिस ने हमलावर निहंग की पहचान जसपाल सिंह के रूप में की है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े CCTV फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे हमलावर का मकसद क्या था और वह सुरक्षा घेरे तक कैसे पहुंचा। 

गौरतलब है कि सुखबीर सिंह बादल पर दिसंबर 2024 में भी हमला हुआ था। तब अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब परिसर में धार्मिक सजा के तहत सेवादार की सेवा निभाते समय उन पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने नाकाम कर दिया था। 


No comments