ब्रेकिंग न्यूज़

अमेरिका में कपूरथला के युवक की गोली मारकर हत्या ...

- 10 वर्ष पहले ब्याज पर रूपये लेकर भेजा था विदेश, परिवार ने शव भारत लाने की लगाई गुहार 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला जिले के बेगोवाल कस्बे के गांव जब्बोवाल के रहने वाले एक 28 वर्षीय युवक की अमेरिका में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह वासी गांव जब्बोवाल के रूप में हुई है। गुरदीप सिंह करीब 10 साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका गया था।

जानकारी के मुताबिक गुरदीप सिंह अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में रिचमंड स्ट्रीट पर पिज्जा डिलीवरी का काम करने जा रहा था। इसी दौरान हथियारबंद लोगों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गुरदीप सिंह के पिता पियारा लाल के अनुसार, अमेरिका जाने के बाद शुरुआती दौर में उसे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उसके पिता ने 30 लाख रूपये ब्याज पर लेकर उसे विदेश भेजा था। गुरदीप ने भी हालात से हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करता रहा। बताया जा रहा है कि वह अब अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और उन्हें बेहतर जीवन देने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा था।

परिजनों के मुताबिक गुरदीप सिंह अभी अविवाहित था। उसका परिवार गांव में डीजे का काम करता है। परिवार को उम्मीद थी कि गुरदीप विदेश में मेहनत कर परिवार के सपनों को पूरा करेगा, लेकिन उसकी हत्या की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

परिवार ने सरकार से लगाई मदद की गुहार

गुरदीप सिंह के परिवार ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से भावुक अपील की है कि उनके बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। परिवार ने यह भी मांग की है कि अमेरिका प्रशासन के साथ समन्वय कर मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और गुरदीप की हत्या के जिम्मेदार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए।

गांव के लोगों ने भी सरकार से परिवार की मदद करने और गुरदीप सिंह का शव भारत लाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की मांग की है। परिवार के लिए यह घटना न केवल बेटे को खोने का दुख है, बल्कि विदेश भेजने के लिए लिए गए कर्ज और भविष्य से जुड़ी उम्मीदों के टूटने का भी बड़ा सदमा है।

फिलहाल परिवार गुरदीप सिंह के शव को भारत लाए जाने और अमेरिकी प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है। 

No comments