ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला मॉडर्न जेल में हवालातियों में झड़प, चार घायल ....

अदालत ने सुरक्षा कर्मियों को दोबारा मेडिकल करवाने के दिए निर्देश 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला की मॉडर्न जेल में हवालातियों के बीच झड़प होने का मामला सामने आया है। इस दौरान चार हवालाती घायल हो गए, जिन्हें शनिवार सिविल अस्पताल कपूरथला में मेडिकल जांच के लिए लाया गया। घायल हवालातियों की पहचान जगरूप सिंह, जश्नप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और भूपिंदर सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार चारों हवालातियों को पहले अदालत में जज साहिबान के समक्ष पेश किया गया। अदालत के आदेश पर सुरक्षा कर्मियों को उनका दोबारा मेडिकल करवाने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद जेल गार्द की सुरक्षा में चारों को सिविल अस्पताल कपूरथला लाया गया।

बताया जा रहा है कि हवालातियों के बीच झड़प बीते दिनों हुई थी। इस मामले को लेकर थाना कोतवाली पुलिस ने रपट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना कोतवाली के एसएचओ एसआई लखबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल केवल रपट दर्ज की गई है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

वहीं, एसपी जेल श्यामल ज्योति ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हवालातियों के बीच मामूली झड़प हुई थी। उनके अनुसार लाइन में लगने को लेकर पहले बहसबाजी हुई, जिसके बाद आपस में झगड़ा हो गया।  

उन्होंने कहा कि जेल में इस तरह की छोटी-मोटी नोकझोंक और बहस होती रहती है तथा इस घटना में कोई बड़ा मामला नहीं है। 

No comments