ब्रेकिंग न्यूज़

खुद को मृत बताकर अदालत को किया गुमराह ...

- आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज, जल्द होगी गिरफ़्तारी 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला की सब डिवीजन फगवाड़ा की एक अदालत में चल रहे आपराधिक मामले में एक आरोपी द्वारा खुद को मृत बताकर अदालत को गुमराह करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने सम्मन तामील करवाने पहुंचे अदालत के कर्मचारी के सामने खुद को आरोपी गुरप्रीत सिंह के बजाय उसका भाई मनजिंदर सिंह बताया और अदालत की ओर से जारी दस्तावेजों पर मनजिंदर सिंह के नाम से हस्ताक्षर भी कर दिए। मामले का खुलासा होने के बाद अदालत के आदेश पर आरोपी के खिलाफ थाना सिटी फगवाड़ा में FIR दर्ज कर ली गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फगवाड़ा डिवीजन की JMIC अदालत के रीडर दिनेश कुमार की ओर से दी शिकायत के मुताबिक अदालत में विचाराधीन धारा 138 के मामले में आरोपी गुरप्रीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह, निवासी गोकुल नगर, होशियारपुर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। इन वारंटों की तामील करवाने के लिए अदालत का कर्मचारी आरोपी के बताए पते पर पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि कर्मचारी के पहुंचने पर आरोपी गुरप्रीत सिंह ने कथित तौर पर खुद को मृत बता दिया और अपनी पहचान गुरप्रीत सिंह के भाई मनजिंदर सिंह के रूप में बताई। इतना ही नहीं, उसने अदालत की ओर से जारी दस्तावेजों पर मनजिंदर सिंह के नाम से हस्ताक्षर भी कर दिए। हालांकि, जब कर्मचारी ने गुरप्रीत सिंह की मौत से संबंधित मृत्यु प्रमाणपत्र या अन्य कोई दस्तावेज मांगा तो ऐसा कोई प्रमाणपत्र पेश नहीं किया गया।

मामला संदिग्ध लगने पर इसकी जानकारी अदालत के संज्ञान में लाई गई। इसके बाद प्राथमिक जांच में आरोपी द्वारा अदालत को गुमराह करने का प्रयास सामने आने पर JMIC जसविंदर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए।

अदालत के आदेश के बाद थाना सिटी फगवाड़ा पुलिस ने गुरप्रीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ASI जतिंदरपाल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।  

No comments