ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में BJP का विरोध प्रदर्शन ....

- सोनिया गांधी पर ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप, विधायक के निवास के नजदीक दिया धरना 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला में भारतीय जनता पार्टी के नेताओ और कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम पूर्व AICC अध्यक्ष सोनिया गांधी पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। BJP जिला अध्यक्ष चेतन सूरी के नेतृत्व में निकाला गया विरोध मार्च सनातन धर्म सभा से शुरू होकर कपूरथला के कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह के आवास की ओर बढ़ा। लेकिन पुलिस ने बेरिकेट लगाकर 100 मीटर पहले ही रोक दिया। 

शाम करीब 6 बजे शुरू हुए इस विरोध मार्च में लगभग 60 से अधिक BJP नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी दोपहिया वाहनों और चारपहिया वाहनों पर सवार होकर विधायक के आवास की ओर जा रहे थे।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को राणा गुरजीत सिंह के घर से लगभग 100 मीटर पहले हाउसफेड हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पास रोक दिया। इसके बाद BJP कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘वंदे मातरम’ को लेकर सोनिया गांधी की कथित टिप्पणी पर अपना विरोध दर्ज कराया। वहीँ उन्होंने राष्ट्रिय गीत भी गाया। प्रदर्शन के कारण कपूरथला-सुल्तानपुर लोधी सर्कुलर रोड पर यातायात प्रभावित रहा। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

BJP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान देश की भावनाओं से जुड़ा विषय है और इस मामले में कांग्रेस नेतृत्व को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी। करीब 45 मिनट तक चले धरने और प्रदर्शन के बाद BJP कार्यकर्ता शांतिपूर्वक वहां से चले गए। इसके बाद कपूरथला-सुल्तानपुर लोधी सर्कुलर रोड को यातायात के लिए दोबारा खोल दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूरे प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण रही। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। 

No comments