थाइलैंड से वापस लौटे युवक के खुलासों ने खड़े किए गंभीर सवाल... ?
‘खान बाबा’ गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर दोषियों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई-- सीचेवाल
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने आज विदेशों में बंधक बनाकर फिरौती मांगने वाले कथित ‘खान बाबा’ गिरोह से पीड़ित परिवारों को मीडिया के सामने पेश किया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान संत सीचेवाल ने बताया कि एशियाई देशों में ‘खान बाबा’ नाम का एक गिरोह पिछले कई वर्षों से सक्रिय है, जो पंजाब के बेरोजगार युवाओं को अपने झांसे में लेकर विदेश भेजता है और वहां उन्हें बंधक बनाकर उनके परिवारों से लाखों रुपये की फिरौती वसूलता है। उन्होंने कहा कि ये मामले केवल कुछ परिवारों की पीड़ा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पंजाब के युवाओं के भविष्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा हैं।
संत सीचेवाल ने बताया कि 29 जुलाई को जालंधर के कुलराज सिंह और कपूरथला के मनप्रीत सिंह के परिवार उनके पास पहुंचे थे। परिवारों के अनुसार, एजेंटों ने दोनों युवाओं को स्पेन भेजने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में उनके बच्चों को कथित तौर पर गिरोह के चंगुल में फंसा दिया गया। मामला तुरंत विदेश मंत्रालय के ध्यान में लाया गया। मनप्रीत सिंह 9 अगस्त को भारत वापस आ गया, जबकि कुलराज सिंह के थाईलैंड में पुलिस हिरासत में होने की जानकारी उसके परिवार ने दी है।
परिवारों के अनुसार, युवाओं की रिहाई के बदले लाखों रुपये की मांग की गई। मनप्रीत के परिवार ने उसकी वापसी के लिए 22.50 लाख रुपये देने का दावा किया है, जबकि कुलराज के परिवार से 8 लाख रुपये लेने के बाद 15 लाख रुपये और मांगे जाने की बात सामने आई है। परिवारों ने आरोप लगाया कि युवाओं को कथित तौर पर प्रताड़ित किया जाता था और उनकी वीडियो या ऑडियो रिकॉर्डिंग परिवारों को भेजकर डराया-धमकाया जाता था, जिसके बाद फिरौती की मांग की जाती थी।
संत सीचेवाल ने कहा कि इससे पहले भी इराक, केन्या, इथियोपिया और अन्य देशों से जुड़े ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री, विदेश मंत्री और डीजीपी पंजाब को पत्र लिखकर पूरे नेटवर्क की जांच करने तथा इस मामले में इंटरपोल की मदद लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि कौन से एजेंट युवाओं को कथित तौर पर ऐसे गिरोहों तक पहुंचा रहे हैं और उनके आपसी संपर्क क्या हैं।
संत सीचेवाल ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि यदि कोई एजेंट यह कहता है कि विदेश पहुंचने के बाद पैसे लिए जाएंगे, तो ऐसे लालच से सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे एजेंटों के झांसे में न आएं, क्योंकि यह एक बड़ा फरेब हो सकता है।
- ‘हर पल लगता था कि शायद अब जिंदा नहीं बचूंगा’
‘खान बाबा’ गिरोह के कथित चंगुल से सुरक्षित भारत लौटे मनप्रीत सिंह ने भरी आंखों से बताया कि वहां बिताया गया समय बेहद डरावना था और हर पल उसे अपनी जान का खतरा महसूस होता था। उसने बताया कि भारत लौटते समय उसे पासपोर्ट नहीं दिया गया। हवाई अड्डों पर अधिकारी उसके फोन में मौजूद फोटो देखकर उसे आगे जाने देते थे।
दूसरी ओर, कुलराज के परिवार ने बताया कि उनका बेटा खुद कथित तौर पर प्रताड़ना का शिकार होने के बावजूद थाईलैंड में पुलिस हिरासत में है। परिवार ने कहा कि युवाओं की जिंदगी से खेलने वाले ये लोग खुद पर्दे के पीछे रहते हैं और मासूम युवाओं को अपने मोहरे के रूप में इस्तेमाल करते हैं।
- मनप्रीत की वापसी के तरीके की भी हो गहन जांच
संत सीचेवाल ने कहा कि मनप्रीत की वापसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस गिरोह का नेटवर्क किस हद तक फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि मनप्रीत सिंह की भारत वापसी के पूरे तरीके की भी गहन जांच होनी चाहिए। बिना पासपोर्ट के वह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक कैसे पहुंचा, उसे किसने निर्देश दिए और किन व्यक्तियों या नेटवर्क ने उसकी मदद की—इन सभी सवालों के जवाब तलाशना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस कड़ी की जांच से ‘खान बाबा’ नाम से चल रहे कथित मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क को उजागर करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।



.jpg)







.jpeg)














No comments