ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला से जालंधर जा रही स्विफ्ट कार में लगी आग ...

- परिवार ने समय रहते बाहर निकलकर बचाई जान  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

AI Photo 

कपूरथला से जालंधर जा रही एक स्विफ्ट कार में गुरुवार को अचानक आग लगने की खबर है। यह हादसा जालंधर के माता रानी चौंक के नजदीक हुआ है। कार में पूरा परिवार सवार था। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार रोक दी और सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जबकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई है। 

जानकारी अनुसार एक परिवार सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार (PB 08 BY 3813) में कपूरथला से जालंधर स्थित अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही कार जालंधर के माता रानी चौक के पास पहुंची, अचानक कार के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुएं के साथ आग की तेज लपटें उठने लगीं।

कार चालक ने बताया कि सफर के दौरान अचानक कार से आवाज आने लगी थी। कुछ ही देर बाद कार के अगले हिस्से में आग भड़क उठी। आग की लपटें देखते ही उसने तुरंत वाहन रोक दिया और परिवार के सभी सदस्यों को कार से बाहर निकाल लिया। समय रहते सभी के बाहर निकलने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद ऑटो गैरेज के कर्मचारी और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल मदद करते हुए कार को गैरेज के अंदर ले जाकर पानी का छिड़काव किया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

शुरुआती तौर पर कार में आग लगने का कारण वायरिंग में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे में परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन कार बुरी तरह जलने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। 

No comments