ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब में AAP नेता की गोलियां मारकर हत्या, दोस्त भी घायल ....

- ममदोट में कार सवार हमलावरों ने बाइक सवार दोनों युवकों पर की फायरिंग, चुनावी रंजिश का शक 

खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब   

पंजाब के फिरोजपुर जिले के ममदोट में शनिवार रात आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता गुरप्रीत सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी है। इस हमले में उनके साथ बाइक पर सवार दोस्त हरप्रीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर लुधियाना रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार फिलहाल हरप्रीत सिंह की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मृतक गुरप्रीत सिंह की उम्र करीब 45 वर्ष थी। हालांकि उनके पास पार्टी का कोई आधिकारिक पद नहीं था, लेकिन नगर पंचायत चुनाव के दौरान वह काफी सक्रिय रहे थे। उनकी भाभी वार्ड नंबर-5 से पार्षद हैं। गुरप्रीत सिंह के परिवार में दो बच्चे हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। 

पुलिस के अनुसार गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और 22 वर्षीय हरप्रीत सिंह बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कार में सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया और उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में गुरप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरप्रीत सिंह को तीन गोलियां लगीं।

बताया जा रहा है कि घटना के समय गुरप्रीत सिंह के कुछ दोस्त एक अन्य कार में उनके पीछे चल रहे थे। हमलावरों ने उस कार को भी निशाना बनाते हुए फायरिंग की। इस कार में ममदोट नगर पंचायत के प्रधान राजेश कुमार मैनी भी सवार थे। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई और वह इस हमले में बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एसएसपी के अनुसार प्राथमिक जांच में मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं से जांच कर रही है। 

एसएसपी के अनुसार पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है, लेकिन जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए जा सकते। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। 

ममदोट में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पूरी घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

No comments