ब्रेकिंग न्यूज़

ममडोट में AAP नेता की हत्या पर भाजपा नेता शारदा का सरकार पर हमला ....

बोले- स्टेज चलाने और स्टेट चलाने में फर्क, पंजाब में अपराधियों के हौसले बुलंद  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

पंजाब के फिरोजपुर जिले के ममडोट में आम आदमी पार्टी के नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की सरेआम हत्या के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य उमेश शारदा ने इस घटना को लेकर पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता के साथ-साथ राजनेता भी सुरक्षित नहीं हैं। 

उमेश शारदा ने कहा कि सत्ताधारी दल से जुड़े नेता की सरेआम हत्या होना पुलिस और प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हमलावरों में कानून का खौफ क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी दल के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। 

शारदा ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, “स्टेज चलाने और स्टेट चलाने में फर्क होता है। मुख्यमंत्री अभी भी केवल मंच संभाल रहे हैं और राज्य को संभालने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं।” 

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब में हत्याएं और जबरन वसूली जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक गायक, कारोबारी, राजनेता, नौकरीपेशा लोग और कबड्डी खिलाड़ी समेत समाज का कोई भी वर्ग अपराध से अछूता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार में कानून-व्यवस्था अपराधियों और गैंगस्टरों के दबाव में दिखाई दे रही है। 

शारदा ने पुलिस व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस को एक पेशेवर कानून प्रवर्तन एजेंसी के रूप में काम करने देने के बजाय उस पर राजनीतिक हस्तक्षेप का दबाव बढ़ रहा है। उनका कहना था कि जब अपराधियों को समय पर सजा नहीं मिलती, पुलिस का मनोबल प्रभावित होता है और जांच में राजनीतिक हस्तक्षेप होता है, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ते हैं।

उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों द्वारा अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं को निशाना बनाया जाना बेहद गंभीर विषय है। पहले कांग्रेस और अकाली दल से जुड़े नेताओं को निशाना बनाए जाने के बाद अब आम आदमी पार्टी के नेताओं पर हमले चिंता का विषय हैं। उन्होंने इसे सरकार की कानून-व्यवस्था पर सीधा सवाल बताया।

उमेश शारदा ने पंजाब सरकार से हत्या में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब को अब बहानों की नहीं बल्कि ठोस नतीजों की जरूरत है। सरकार को ऐसी कार्रवाई करनी चाहिए जिससे अपराधियों में कानून का डर पैदा हो और आम नागरिक बिना भय के अपना जीवन जी सकें।

उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात चिंताजनक हैं और सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रदेश की कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाना है। 

No comments