कपूरथला में एंटी एन्क्रोचमेंट ड्राइव में 6 दुकानदारों के चालान ....
- शहर के बाजारों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा, चौपहिया वाहनों और भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला नगर निगम तहबाजारी शाखा की ओर से आज शहर के बाजारों में एंटी एन्क्रोचमेंट ड्राइव चलाई गई। यह कार्यवाही नगर निगम कमिश्नर अनुपम कलेर के निर्देश पर की गई। सुपरिटेंडेंट रवि पंकज शर्मा के नेतृत्व तथा इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह और संजय धीर की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान में ट्रैफिक पुलिस और पीसीआर टीम ने भी सहयोग किया। इस दौरान डीएसपी (स्पेशल क्राइम) हरप्रीत सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
टीम ने सदर बाजार और पुरानी सब्जी मंडी समेत विभिन्न बाजारों का दौरा किया। इस दौरान दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सड़कों पर रखा सामान हटवाया गया और सड़क पर कब्जा कर रखे सामान को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान 6 दुकानदारों के चालान किए गए, जबकि कुछ दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर सामान न रखने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इस दौरान कुछ दुकानदरों ने विरोध भी किया।
निगम सुपरिटेंडेंट रवि पंकज शर्मा ने बताया कि बाजारों में दुकानदारों द्वारा सड़कों पर सामान रखकर किए जा रहे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसी के मद्देनजर पुलिस के सहयोग से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, डीएसपी हरप्रीत सिंह ने बताया कि शहर के बाजारों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा, चौपहिया वाहनों और भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद कई वाहन बाजारों में प्रवेश कर जाते हैं। इसके अलावा बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने दोपहिया वाहन सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े कर देते हैं, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है।
ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सड़कों पर गलत तरीके से खड़े करीब 8 से 10 दोपहिया वाहनों के चालान किए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें और बाजारों में यातायात नियमों का पालन करें।
अभियान के दौरान ट्रैफिक इंचार्ज रेशम सिंह, एएसआई दिलबाग सिंह टांडी, ट्रैफिक एएसआई बलविंदर सिंह, एएसआई सुरजीत सिंह, पीसीआर एएसआई मंगल सिंह, एएसआई रणजीत सिंह के अलावा निगम की ओर से करन, राहुल, गोरा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




.jpg)







.jpeg)














No comments