ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में पंजाब बंद का व्यापक असर ...

जत्थेबंदीओ के नेताओ ने निकाला रोष मार्च, बाजार, स्कूल और व्यापारिक संस्थान बंद 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कोमी इंसाफ मोर्चा की तरफ से पंजाब बंद के आह्वान का शुक्रवार को कपूरथला में व्यापक असर देखने को मिला है। बंद की कॉल के चलते शहर के सभी प्रमुख बाजारों में दुकानें और व्यापारिक संस्थान पूरी तरह बंद है। सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम आवाजाही दिखाई दी, जबकि बंद को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। पुलिस की टीमें शहर के संवेदनशील स्थानों और प्रमुख बाजारों में तैनात है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। 

बता दे कि कौमी इंसाफ मोर्चे के आह्वान के अनुसार 21 अगस्त को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब में बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, स्कूल-कॉलेज और सड़क व रेल यातायात बंद रखने की अपील की गई थी। कौमी इंसाफ मोर्चा ने बंदी सिखों की रिहाई, जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने और 15 अगस्त को मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में पंजाब बंद की घोषणा की। 

बंद के दौरान जहां व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित रहीं, वहीं आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक और आपातकालीन सेवाएं जारी रहीं। शहर में मेडिकल स्टोर, लैब तथा अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं खुली रहीं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन की ओर से भी लोगों से शांति बनाए रखने और किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई। 

पंजाब बंद का असर कपूरथला के बस स्टैंड पर भी दिखाई दिया। बस स्टैंड में कई बसें खड़ी रहीं और यात्री बस सेवाएं शुरू होने का इंतजार करते नजर आए। कुछ यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए बसों का इंतजार करते रहे, जबकि बसों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में प्रभावित रही। इससे यात्रियों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसी दौरान बंद का आह्वान करने वाली धार्मिक जत्थेबंदियों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता स्टेट गुरुद्वारा साहिब में एकत्र हुए। यहां उन्होंने सामूहिक रूप से एकत्र होकर बंद के समर्थन में रोष मार्च निकाला। इस मार्च के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज करवाया। 

जत्थेबंदियों की ओर से लोगों से बंद को सफल बनाने तथा शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज करवाने की अपील की गई। इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस बल भी सक्रिय रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थिति पर लगातार नजर रखी।

बंद के कारण कपूरथला में बाजारों की रौनक पूरी तरह गायब रही। आमतौर पर व्यस्त रहने वाले प्रमुख बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में दुकानों के शटर बंद नजर आए। हालांकि मेडिकल स्टोर, लैब और अन्य आवश्यक सेवाएं जारी रहने से लोगों को जरूरी सामान और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलती रहीं।

कुल मिलाकर पंजाब बंद का कपूरथला में व्यापक असर देखने को मिला। बाजारों और व्यापारिक संस्थानों के बंद रहने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित रहा। 

No comments