"अपना गांव संभालो" मुहिम को 150 गांवों का समर्थन ...
- मुहिम में 150-ग्राम हेरोइन और 8-बाइक बरामद
- पुलिस में मौजूद ‘काली भेड़ों’ की पहचान हो-- सीचेवाल
- निर्मल कुटिया में 50 से अधिक गांवों के पंचों-सरपंचों की बैठक
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
पंजाब के गांवों को नशे की दलदल से बाहर निकालने और युवा पीढ़ी को चिट्टे जैसे घातक नशों से बचाने के लिए राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल द्वारा शुरू की गई ‘अपना गांव संभालो’ मुहिम को बड़ा समर्थन मिल रहा है। 22 दिन पहले गांव सीचेवाल से शुरू हुई इस मुहिम के साथ अब तक करीब 150 गांव जुड़ चुके हैं और लोग खुद आगे आकर नशा तस्करों के खिलाफ मोर्चा संभाल रहे हैं।
इसी के तहत वीरवार को निर्मल कुटिया सुल्तानपुर लोधी में 50 से अधिक गांवों के पंचों-सरपंचों के साथ विशेष बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने की। इस मौके पर कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा, डीएसपी सुल्तानपुर लोधी धीरेन्द्र वर्मा, हलका सुल्तानपुर लोधी से आम आदमी पार्टी के इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा, एसएचओ दविंदरपाल सिंह सहित विभिन्न गांवों की पंचायतों के सरपंच, पंच और प्रतिनिधि मौजूद थे। इस दौरान गांव लाटियां, तोती और नसीरेवाल केंद्र बिंदु में रहे।
इस मौके पर संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि ‘अपना गांव संभालो’ मुहिम अब जमीनी स्तर पर रंग लाने लगी है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह के दौरान गांव स्तर पर करीब 150 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है और नशा तस्करी से संबंधित 8 मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले किया गया है। संत सीचेवाल ने कहा कि यदि हर गांव के लोग अपने गांव की जिम्मेदारी खुद संभालें तो ही नशों की सप्लाई को जमीनी स्तर पर रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत में फंसे युवाओं को नफरत की नहीं, बल्कि इलाज, सहयोग और पुनर्वास की जरूरत है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि नशों संबंधी शिकायतें दर्ज करवाने के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए, जिस पर लोग बिना किसी डर के जानकारी दे सकें और शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाए। संत सीचेवाल ने कहा कि एक युवा को नशे से बचाना पूरे परिवार को बचाने के बराबर है। उन्होंने पुलिस विभाग के भीतर नशा तस्करों के साथ मिलीभगत करने वाले तत्वों की भी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने कहा कि संत बलबीर सिंह सीचेवाल द्वारा चलाई जा रही ‘अपना गांव संभालो’ मुहिम से नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि नशों को रोकने में समाज की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और पुलिस प्रशासन हर कदम पर गांवों के लोगों तथा पंचायतों के साथ खड़ा है। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि नशों संबंधी जानकारी देने के लिए पुलिस द्वारा संपर्क नंबर 9779100200 जारी किया गया है, जिस पर शिकायतकर्ता अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए शिकायत कर सकता है।
बैठक के दौरान गांवों की पंचायतों ने संयुक्त रूप से संकल्प लिया कि नशों के खिलाफ मुहिम को हर गांव में और मजबूत किया जाएगा। पंचों-सरपंचों ने कहा कि नशे की लत में फंसे युवाओं को नशा छुड़ाने वाले केंद्रों तक पहुंचाने तथा उनके इलाज और पुनर्वास के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
हलका सुल्तानपुर लोधी के इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा ने कहा कि संत सीचेवाल द्वारा ‘अपना गांव संभालो’ मुहिम की शुरुआत करना समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि गांवों के लोगों का नशों के खिलाफ खुद आगे आना इस बात का प्रमाण है कि समाज में नशों के खिलाफ जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मुहिम को हर गांव तक पहुंचाने के लिए पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।



.jpg)







.jpeg)














No comments