ब्रेकिंग न्यूज़

RCF वर्कर्स क्लब चुनाव में 'RCF ईम्प्लाईज यूनियन' की ऐतिहासिक जीत ...

- विरोधियों के झूठे आरोपों को नकार कर कर्मचारियों ने 25 वर्षों के काम और सच्चाई पर लगाई मुहर  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला में वर्कर्स क्लब के बहुप्रतीक्षित चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद पूरे RCF परिसर में अभूतपूर्व उत्साह और जश्न का माहौल देखा जा रहा है। वर्कर्स क्लब के प्रबंधन के लिए बीते 9 जुलाई को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ था, जिसकी मतगणना 10 जुलाई को पूरी की गई।  

चुनाव में कर्मचारियों ने 'RCF ईम्प्लाईज यूनियन' के पक्ष में एकतरफा फैसला सुनाते हुए यूनियन के उम्मीदवारों को सभी 8 की 8 सीटों पर भारी बहुमत से ऐतिहासिक जीत दिलाई है। विपक्ष द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान लगाए गए तमाम झूठे और मनगढ़ंत आरोपों को पूरी तरह से दरकिनार करते हुए आरसीएफ के कर्मचारियों ने साबित कर दिया है कि वे केवल सच्चाई और विकास की राजनीति के साथ हैं।  

​इस शानदार और एकतरफा मुकाबले में सेक्रेटरी के पद पर भरतराज ने भारी मतों से विजय हासिल की, वहीं कैशियर के पद पर अवतार सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी को करारी शिकस्त देकर जीत का परचम लहराया। इसके साथ ही क्लब के बाकी 6 मेंबर के पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे यूनियन के उम्मीदवार हरप्रीत सिंह, अश्वनी कुमार, पंकज कुमार सिंह, भान सिंह, हरिओम मीना और संदीप कुमार ने भी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर विरोधियों का सूपड़ा साफ कर दिया।   

इस चुनाव प्रचार और जीत के सफर में RCF की आईआरटीएसए (IRTSA) के प्रधान इंजी. दर्शन लाल, जोनल सचिव इंजी. जगतार सिंह व उनकी टीम और इंजीनियरिंग एसोसिएशन प्रधान इंजी. जगदीश सिंह और जोनल सचिव इंजी. बक्शीश सिंह की पूरी टीम ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया और चुनाव प्रक्रिया के दौरान अपना भरपूर व ऐतिहासिक सहयोग दिया, जिसके कारण यूनियन को यह विशाल और संगठित सफलता हासिल हुई है। चुनाव के नतीजे सामने आते ही पूरे RCF कारखाने और कॉलोनियों में ढोल-नगाड़ों की थाप पर कर्मचारियों ने भांगड़ा डाला और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। 

​यूनियन की इस शानदार सफलता पर 'आरसीएफ ईम्पलाईज यूनियन' के महासचिव सर्बजीत सिंह और प्रधान अमरीक सिंह ने सभी कर्मचारियों का आभार जताते हुए अपना संयुक्त वक्तव्य जारी किया। उन्होंने कहा कि आज RCF के भीतर केवल एक चुनाव का नतीजा नहीं आया है, बल्कि यह सीधे तौर पर सच्चाई की जीत है।  

विरोधियों ने व्यक्तिगत कीचड़ उछालने और झूठे प्रोपेगैंडा फैलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी, लेकिन कर्मचारियों ने अपनी सूझबूझ से यह साबित कर दिया कि झूठ की उम्र बहुत छोटी होती है। पिछले 25 वर्षों से लगातार RCFEU ने जिस निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ रेल कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा की है और उनके कल्याण के लिए जो काम किए हैं, लोगों ने आज उसी सेवा भाव को सराहा है और अपना असीम प्यार देकर हमें दोबारा सेवा का मौका दिया है। 

​चुनाव संपन्न होने और इस शानदार परिणाम के बाद RCFEU के महासचिव सर्वजीत सिंह ने विशेष तौर पर कारखाने के तमाम कर्मठ कर्मचारियों, सहयोगी संगठनों की टीमों तथा RCFEU के सभी समर्पित पदाधिकारियों का दिल से आभार व्यक्त किया।  

उन्होंने चुनाव प्रचार और प्रबंधन में दिन-रात एक करने वाली यूनियन की ऊर्जावान 'युवा टीम' और भारी संख्या में समर्थन देने वाली 'महिला विंग' का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के जोश और महिलाओं के अटूट विश्वास ने इस चुनावी मुकाबले को एकतरफा बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यह भारी जीत यूनियन की जिम्मेदारी को और बढ़ाती है, और नवनिर्वाचित टीम वर्कर्स क्लब को नई ऊंचाइयों पर ले जाने तथा कर्मचारियों के कल्याण के लिए दिन-रात काम करती रहेगी। 

No comments