ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में गेहूं व लोहे का सामान चोरी का आरोपी गिरफ्तार .....

- छह क्विंटल गेहूं और लोहे का सामान चोरी का राज CCTV से खुला 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के ढिलवां थाना पुलिस ने घर से गेहूं और लोहे का सामान चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान गांव धालीवाल बेट निवासी मंदीप सिंह उर्फ निक्का के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी हरजिंदर सिंह तथा एएसआई मूरता सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता बहादुर सिंह पुत्र बूटा सिंह निवासी धालीवाल बेट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी हवेली में लोहे के ड्रम में करीब छह क्विंटल गेहूं रखा हुआ था। इसके अलावा वहां लोहे का अन्य सामान भी रखा था। पिछले 15-20 दिनों से कोई अज्ञात व्यक्ति गेहूं और लोहे का सामान चोरी कर रहा था, लेकिन चोरी का पता नहीं चल पा रहा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, चोरी में चार संभल, चार डमूसा, चार डाई सहित अन्य लोहे का सामान भी गायब हो गया था। चोर को पकड़ने के लिए उसने हवेली के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए।

शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह अपने परिवार के साथ गांव में पीर के मेले में गया हुआ था, तब उसने अपने भतीजे गोपी को घर की निगरानी के लिए भेजा। इस दौरान गोपी ने देखा कि गांव का ही रहने वाला मंदीप सिंह उर्फ निक्का ड्रम से गेहूं निकालकर चोरी कर रहा था। भतीजे और आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को मौके पर ही गेहूं सहित काबू कर लिया और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।

ढिलवां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उसने पहले हुई चोरियों में भी भूमिका निभाई थी या नहीं। 

No comments