ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में विजिलेंस का बड़ा एक्शन-- रिश्वत के आरोप में साइंस टीचर काबू ....

- छात्राओं के साइकोमेट्रिक टेस्ट का कार्य निजी कंपनी को दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप,  कई और कर्मचारी भी घेरे में आ सकते 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ CM भगवंत मान सरकार की 'ज़ीरो टॉलरेंस' नीति के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कपूरथला के जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कार्यालय में तैनात साइंस मास्टर एवं कानूनी सलाहकार परमजीत सिंह को रिश्वत मांगने के आरोप में काबू किया है। आरोपी पर स्कूली छात्राओं के साइकोमेट्रिक टेस्ट का कार्य एक निजी कंपनी को देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

विभागीय सूत्रों की माने तो इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कई अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। विजिलेंस की कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया है और चर्चा है कि कई सम्बन्धित कर्मचारियों ने अपने मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ कर दिए हैं।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई CM की 'एंटी करप्शन एक्शन लाइन' पर प्राप्त हुई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सतिंदर बीर सिंह ने दर्ज करवाई थी।

विजिलेंस की जांच में सामने आया कि सेवानिवृत्त सतिंदर बीर सिंह ने अमृतसर में 'एडुराइज़ एंटरप्राइज़' नामक कंपनी शुरू की थी, जो स्कूली विद्यार्थियों के साइकोमेट्रिक टेस्ट आयोजित करती है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान उन्होंने कपूरथला के भुलत्थ ब्लॉक के 14 सरकारी स्कूलों में पढ़ रही 187 छात्राओं के साइकोमेट्रिक टेस्ट की अनुमति के लिए अपनी फाइल जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कार्यालय में जमा करवाई थी। 

आरोप है कि फाइल को आगे बढ़ाने और मंजूरी दिलाने के एवज में साइंस मास्टर-सह-कानूनी सलाहकार परमजीत सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी के नाम पर पहले 200 रुपये प्रति छात्रा रिश्वत की मांग की, जिसे बाद में 150 रुपये प्रति छात्रा पर तय किया गया। जबकि सरकार की ओर से संबंधित कंपनी को इस कार्य के लिए 700 रुपये प्रति छात्रा का भुगतान किया जाना था।

शिकायतकर्ता ने आरोपी के साथ हुई पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग कर उसे सबूत के रूप में CM की 'एंटी करप्शन एक्शन लाइन' पोर्टल पर अपलोड कर शिकायत दर्ज कराई। विजिलेंस ब्यूरो की जांच में रिकॉर्डिंग और शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए।  

पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में आरोपी परमजीत सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस अधिकारिओ ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जाएगी, ताकि पूरे भ्रष्टाचार नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। 

No comments