कपूरथला में देर रात शराब ठेकेदार के कारिंदों पर हमला ....
- फायरिंग का आरोप, दो गंभीर घायल, तीन खोल बरामद
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला की दशमेश नगर कॉलोनी में देर रात शराब ठेकेदार के कारिंदों और एक गुट के बीच हिंसक झड़प तथा फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना में शराब ठेकेदार के दो कारिंदे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की पुष्टि करते हुए सिटी थाना एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मौके से तीन खोल भी बरामद किए हैं।
कपूरथला के शराब ठेकेदार रमन कुमार ने बताया कि उनके कर्मचारी गुरविंदर सिंह और निंदर सिंह देर रात कार (PB-03-AZ-1011) में दशमेश नगर कॉलोनी में अवैध शराब की बिक्री की सूचना के बाद अवैध शराब बिक्री रोकने के लिए गए थे। इसी दौरान अवैध शराब का कारोबार करने वाले कुछ युवकों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और हवाई फायरिंग भी की।
हमले में गंभीर घायल गुरविंदर सिंह और निंदर सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, सिटी थाना एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाया है कि हवाई फायरिंग शराब ठेकेदार के कारिंदों की ओर से की गई है। ऐसे में सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



.jpg)







.jpeg)














No comments