पाकिस्तान में 125 साल पुराने गुरुद्वारा साहिब को गिराने का मामला ...
- संत सीचेवाल ने PM नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पाकिस्तान में स्थित 125 वर्ष पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब को गिराए जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस मामले को करोड़ों सिखों की धार्मिक आस्था से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मुद्दा बताते हुए भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर तत्काल कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग की है।
संत सीचेवाल ने अपने पत्र में अपील की है कि भारत सरकार पाकिस्तान सरकार से उच्च स्तर पर बातचीत कर ध्वस्त किए गए 125 वर्ष पुराने गुरुद्वारा साहिब का पुनर्निर्माण सुनिश्चित करवाए तथा इस घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करवाई जाए।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के फारूकाबाद स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब, जो लाहौर से लगभग 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, को कथित रूप से भू-माफिया द्वारा बुलडोजर से गिरा दिया गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस घटना के पीछे एक प्रभावशाली कारोबारी का हाथ बताया जा रहा है। यह भी सामने आया है कि ऐतिहासिक धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए जिम्मेदार औकाफ बोर्ड की ओर से भी इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
संत सीचेवाल ने कहा कि गुरु घर को पहुंचाया गया यह नुकसान केवल एक इमारत को गिराने का मामला नहीं है, बल्कि दुनिया भर में बसे करोड़ों सिखों की धार्मिक भावनाओं और सिख विरासत पर किया गया गंभीर हमला है। इस घटना से वैश्विक सिख समुदाय में गहरा रोष और दुख व्याप्त है।
उन्होंने अपने पत्र में सिख इतिहास का उल्लेख करते हुए लिखा कि सिख कौम ने अपने गुरुधामों की रक्षा के लिए हमेशा बड़ी-बड़ी कुर्बानियां दी हैं। श्री ननकाना साहिब के साके का इतिहास इस बात का साक्षी है कि गुरु घरों की मर्यादा और सुरक्षा के लिए सिखों ने अपने प्राणों तक का बलिदान दिया है।
संत सीचेवाल ने भारत सरकार से आग्रह किया कि इस संवेदनशील मुद्दे को पाकिस्तान सरकार के समक्ष गंभीरता से उठाया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पाकिस्तान में स्थित सिख धार्मिक स्थलों और वहां रहने वाले अल्पसंख्यक सिख समुदाय की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

.png)

.jpg)







.jpeg)














No comments