कपूरथला में विवाह समारोह में खूनी झड़प, एक का हाथ कटा ....
- दो गुटों में चले तेजधार हथियार, दो गंभीर घायल, पुलिस जाँच में जुटी
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला के मॉडल टाउन स्थित सिटी हॉल के नजदीक चल रहे एक विवाह समारोह के दौरान देर रात दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तेजधार हथियार चलने लगे, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमे एक युवक का हाथ कटकर अलग गिर गया। वहीँ घायलों को थाना सिटी के एसएचओ और परिजनों की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना में घायल हुए साहिल पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी साबूवाल का हाथ बुरी तरह कट गया। उसकी हथेली शरीर से अलग हो गई, जिसे परिजन एक लिफाफे में डालकर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अमृतसर रेफर कर दिया।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन मनप्रीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी देवलांवाल ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने आया था। बीती रात डीजे पर नाचते समय उसका साहिल नामक युवक के साथ मामूली विवाद हो गया था, जिसे परिवार के सदस्यों ने समझौते के जरिए शांत करवा दिया था। मनप्रीत का आरोप है कि शनिवार को विवाह समारोह के दौरान साहिल और उसके साथियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
वहीं दूसरे पक्ष के घायल साहिल ने आरोप लगाया कि वह अपने एक दोस्त के साथ शादी समारोह में आया था, जहां मनप्रीत और उसके साथियों के साथ उसका विवाद हो गया। साहिल के अनुसार मनप्रीत पक्ष ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया, जिसमें उसकी हथेली कटकर हाथ से अलग हो गई।
दोनों घायलों को सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर विजय द्वारा उनका उपचार किया गया। डॉक्टरों ने दोनों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) तैयार कर थाना सिटी पुलिस को भेज दी है।
मौके पर पहुंचे थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि सूचना मिली थी कि सिटी हॉल के पीछे एक घर में चल रहे विवाह समारोह के दौरान दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान साहिल का हाथ कट गया और मनप्रीत को भी चोटें आई हैं। दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थाना सिटी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



.jpg)







.jpeg)














No comments