बच्चे देश का भविष्य हैं, उनकी सेहत और पोषण, सर्वोच्च प्राथमिकता-- सीचेवाल
- पल्स पोलियो अभियान का संत सीचेवाल ने किया शुभारंभ, नन्हे बच्चों को पिलाई जीवनरक्षक पोलियो की बूंदे
- 15 बूथों पर करीब 1100 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा
- 28 से 30 जून तक चलेगा विशेष अभियान -- डॉ. आशीष
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
देशव्यापी पल्स पोलियो अभियान के तहत आज राज्यसभा सांसद एवं पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी द्वारा तलवंडी चौधरियां पुल के समीप लगाए गए विशेष शिविर में नन्हे बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक बूंदें पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 विशेष बूथ स्थापित किए गए और 3 मोबाइल टीमें, जहां 0 से 5 वर्ष तक के लगभग 1100 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। शिविर में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों के बच्चों को भी पोलियो की खुराक दी गई।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि बच्चे किसी भी देश की सबसे अमूल्य पूंजी और उज्ज्वल भविष्य होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि बचपन स्वस्थ, सुरक्षित और पोषणयुक्त होगा, तभी देश का भविष्य मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो जैसे अभियान बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश में बच्चों में कुपोषण अभी भी चिंता का विषय है। कुपोषण केवल स्वास्थ्य को ही नहीं बल्कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को भी प्रभावित करता है। इसलिए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित पोषण पर विशेष ध्यान देना समय की आवश्यकता है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष जेतली ने बताया कि वर्तमान समय में क्षेत्र में पोलियो का कोई भी मामला सामने नहीं आया है, जो स्वास्थ्य विभाग के लिए संतोषजनक स्थिति है। फिर भी पोलियो को पूरी तरह समाप्त बनाए रखने के लिए सतर्कता और नियमित धयान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 28 से 30 जून तक चलेगा तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रत्येक बच्चे तक पहुंचने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही हैं।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पल्स पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि भारत पोलियो मुक्त बना रहे।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. पुनीत, डॉ. रजत वाही, डॉ. नवनीत सिंह, डॉ. आशीष शराफ, डॉ. नवनीत कौर, फार्मेसी अधिकारी अमरिंदरजीत सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि तीन वर्षों के अंतराल के बाद पल्स पोलियो अभियान पुनः शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो रोधी दवा पहुंचाकर देश को पोलियो मुक्त बनाए रखना है।



.jpg)







.jpeg)














No comments