ब्रेकिंग न्यूज़

मॉरिशस में फंसे पंजाबी नौजवान की सुरक्षित वापसी ...

- संत सीचेवाल के प्रयास से जसविंदर सिंह ने अपने परिवार से मिला 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला  

विदेशों में मुसीबतों का सामना कर रहे पंजाबी युवाओं के लिए मसीहा बने राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने एक और परिवार को बड़े संकट से बाहर निकाला है। मॉरीशस की जेल में फंसे लुधियाना के युवक जसविंदर सिंह की सुरक्षित वापसी से उसके परिवार के चेहरे पर फिर से खुशियां लौट आई हैं। कई महीनों से धोखे, शोषण और बेबसी का शिकार रहे जसविंदर के लिए संत सीचेवाल की दख़लअंदाज़ी आशा की किरण साबित हुई। 

निरमल कुटिया, सुल्तानपुर लोधी में अपने परिवार के साथ संत सीचेवाल का धन्यवाद देने पहुंचे जसविंदर सिंह ने अपनी दर्दभरी कहानी साझा करते हुए बताया कि विदेश जाने के सपने दिखाकर ट्रैवल एजेंट भोले-भाले युवाओं को मानव तस्करी के जाल में फंसा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट वीज़ा के आड़ में युवाओं को विदेश भेजकर उनका आर्थिक और मानसिक शोषण किया जाता है।

जसविंदर सिंह ने बताया कि वह जनवरी 2025 में टूरिस्ट वीज़ा पर मॉरीशस पहुंचा था। वहां पहुँचते ही कंपनी प्रबंधकों ने उसका पासपोर्ट अपने कब्ज़े में ले लिया और वर्क वीज़ा बनवाने के झूठे भरोसे देते रहे। छह महीनों तक उससे 14-14 घंटे काम करवाया गया, लेकिन न तो वीज़ा बदला गया और न ही एक महीने की तनख्वाह दी गई। जब कंपनी का काम खत्म हुआ, तो उसे बिना पासपोर्ट और बिना किसी सहारे के छोड़ दिया गया। 

ओवरस्टे होने के कारण स्थानीय पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। कई दिनों तक उसका अपने परिवार से संपर्क टूट गया। परिवार के लिए यह समय बेहद पीड़ादायक था और हर दिन चिंता में बीत रहा था। 

24 मई को जसविंदर सिंह के परिवार ने संत बलबीर सिंह सीचेवाल से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को समझते हुए संत सीचेवाल ने तुरंत विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया और लगातार पैरवी की। उनके प्रयासों के कारण भारतीय दूतावास ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जसविंदर सिंह को हिरासत से रिहा कराया, उसका पासपोर्ट वापस किया और एक हफ्ते के भीतर उसकी सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित की। 

भारत लौटने के बाद भावुक हुए जसविंदर सिंह ने कहा कि अगर संत सीचेवाल समय पर मदद के लिए आगे नहीं आते तो शायद उसकी वापसी संभव नहीं होती। उन्होंने कहा कि विदेशों में फंसे कई युवा ऐसे ही हालातों का सामना कर रहे हैं और जरूरत है कि युवा विदेश जाने से पहले पूरी जानकारी और कानूनी प्रक्रिया का पालन करें। 

इस मौके पर संत सीचेवाल ने युवाओं और उनके परिवारों से अपील की कि विदेश जाने की जल्दबाजी में किसी भी ट्रैवल एजेंट के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट वीज़ा पर रोजगार हासिल करने के सपने अक्सर युवाओं को मुसीबत में डाल देते हैं। उन्होंने सरकार से भी ऐसे गैरकानूनी धंधों में शामिल ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।  

No comments