कपूरथला पुलिस ने गैंगस्टर सोनू खत्री के दो साथी किये काबू .....
- जालंधर की मकसूदा मंडी में हुए गोलीकांड में आरोपी, हथियार, हेरोइन और आईस बरामद
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला की सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने जालंधर की मकसूदां मंडी में बीते दिनों हुए गोलीकांड के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर सोनू खत्री के दो साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस, 100 ग्राम हेरोइन और 20 ग्राम आईस भी बरामद की है। इसकी पुष्टि SP D हरिंदर सिंह ने एक प्रेस वार्ता में की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी (डी) हरिंदर सिंह ने बताया कि 22 जून को थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस को सूचना मिली थी कि अमनदीप सिंह पुत्र गुलजार सिंह निवासी सुल्तानपुर लोधी अवैध हथियारों सहित गाजीपुर रोड पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 30 बोर पिस्टल, एक 32 बोर पिस्टल, दो मैगजीन सहित तथा 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सुल्तानपुर लोधी में मामला दर्ज कर आरोपिओ से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान अमनदीप सिंह ने खुलासा किया कि उसका साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बहराम (जिला शहीद भगत सिंह नगर) के पास भी हथियार हैं। उसने यह भी स्वीकार किया कि दोनों ने जालंधर की मकसूदा सब्जी मंडी में हुई फायरिंग की घटना को इसी पिस्तौल से अंजाम दिया था, जिसमें सोनू पुरी के पैर में गोली लगी थी।
खुलासे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में गुरप्रीत सिंह की निशानदेही पर 100 ग्राम हेरोइन, 20 ग्राम आईस तथा 5 जिंदा कारतूस 32 बोर के बरामद किए गए।
एसपी डी हरिंदर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अमनदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह पहले भी हत्या तथा अन्य संगीन अपराधों के मामलों में जेल जा चुके हैं। दोनों आरोपी गैंगस्टर सोनू खत्री के करीबी सहयोगी हैं और कई अन्य अपराधियों के संपर्क में भी हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और उनके साथियों के संबंध में गहन जांच कर रही है।




.jpg)







.jpeg)














No comments