ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब के 8 निगमो में मेयर पदों के लिए आरक्षण तय ....

- निकाय विभाग ने पत्र जारी किया, मोगा में बनेगा पिछड़े वर्ग का मेयर 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब      

पंजाब में हाल ही में संपन्न हुए 8 नगर निगमों के आम चुनावों के बाद अब मेयरों की चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्थानीय निकाय विभाग ने जालंधर, फिरोजपुर, पटियाला, रूपनगर और फरीदकोट के डिवीजनल कमिश्नरों को एक आधिकारिक पत्र जारी कर मेयर पदों के आरक्षण की स्थिति साफ कर दी है। 

मोगा में मेयर पद को बीसी के लिए आरक्षित रखा गया है जबकि अन्य 7 नगर निगमों में मेयर पदों पर किसी तरह का आरक्षण नहीं होगा। जल्दी ही इन निगमों में मेयर का चुनाव कर दिया जाएगा। खास बात है कि इस बार सरकार ने किसी भी निगम में महिलाओं के लिए मेयर पद आरक्षित नहीं रखा है। 

पंजाब सरकार के 'द पंजाब रिजर्वेशन फॉर द ऑफिसेज ऑफ मेयर्स ऑफ म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन रूल्स, 2017' के तहत निर्धारित रोस्टर पॉइंट के मुताबिक नगर निगम मोगा के मेयर का पद "पिछड़े वर्ग" के सदस्यों के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा बाकी बचे 7 नगर निगमों अबोहर, बटाला, बरनाला, बठिंडा, कपूरथला, पठानकोट और एस.ए.एस. नगर (मोहाली) के मेयर पद सामान्य श्रेणी के होंगे।  

बता दे कि आम आदमी पार्टी ने बरनाला में 36 सीटें, बठिंडा में 35 सीटें, बटाला में 30 सीटें, मोगा में 30 सीटें और मोहाली में 27 सीटें जीती और इन पांचों नगर निगमों में बहुमत हासिल किया। आप इन पांचों निगमों में अपना मेयर बनाएगी।  

वहीँ भारतीय जनता पार्टी को अबोहर (फाजिल्का) नगर निगम में 50 में से 28 सीटें मिली। भाजपा अब यहां अपना मेयर बनाएगी। वहीं पठानकोट में पार्टी को सबसे ज्यादा 22 सीटें मिली जो कि बहुमत से 4 सीटें कम है।  

दूसरी तरफ कांग्रेस को कपूरथला नगर निगम चुनाव में 50 में से 31 सीटें मिली। कांग्रेस यहां अपना मेयर चुनेगी। विधायक राणा गुरजीत कपूरथला में कांग्रेस की लाज बचाने में कामयाब रहे है। और चुनाव नतीजों के बाद एक आजाद पार्षद भी कांग्रेस में शामिल हो गया है। जिसके बाद अब कांग्रेस के पास 32 सीट है। 

No comments