ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में फैक्ट्री मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद धरना प्रदर्शन .....

- 10 माह पहले फेक्ट्री में हुआ था झगड़ा, मुआवजे और नौकरी के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला में बिजली के उपकरण बनाने वाली एक फैक्ट्री के एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद बुधवार को परिजनों ने फैक्ट्री गेट के बाहर 3 घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान यातयात भी प्रभावित हुआ। मृतक की पहचान रामू पुत्र रामभगत निवासी दीपनगर, नजदीक औजला फाटक के रूप में हुई है।

कई घंटों तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस की मौजूदगी में फैक्ट्री मालिकों और मृतक के परिवार के बीच समझौता भी हो गया है। मौके पर पहुंचे सिटी थाना के एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि परिजनों को उचित मुआवजा और मृतक की पत्नी को नौकरी देने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार रामू (40 वर्ष) पुत्र रामभगत औजला फाटक के नजदीक स्थित बिजली उपकरण बनाने वाली एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। करीब दस माह पहले फैक्ट्री परिसर में उसका किसी व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। आरोप है कि उस दौरान दूसरे पक्ष ने रामू के सिर पर हथौड़े से हमला किया था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था।

बताया जा रहा है कि घायल होने के बाद से कई बार रामू का इलाज चला। लेकिन कुछ दिनों से वह जालंधर के एक निजी अस्पताल में उपचारधीन था, जहां मंगलवार देर रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने आज फैक्ट्री परिसर के बाहर धरना लगाकर आरोप लगाया कि पुराने हमले में लगी चोटों के कारण ही रामू की जान गई है।

धरने की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एसएचओ अमनदीप नाहर के अनुसार फैक्ट्री मालिकों और मृतक के परिवार के बीच कई दौर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। और धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया है। 

जानकारी अनुसार समझौते के तहत मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये मुआवजा, पत्नी गायत्री देवी को फैक्ट्री में नौकरी, परिवार को प्रोविडेंट फंड की राशि उपलब्ध करवाने तथा मृतक के दोनों बच्चों को पेंशन देने का आश्वासन दिया गया है। 

No comments