यूक्रेन सीमा में फंसे पंजाबी युवक के परिवार ने सीचेवाल से की मुलाकात ....
- युवक गगनदीप की सुरक्षित भारत वापसी के लिए मदद की लगाई गुहार
- माता-पिता और एक भाई की मौत के बाद दो बहनों और बुजुर्ग दादी का सहारा है गगनदीप
- 7 महीनों से फ्रंटलाइन पर युद्ध लड़ने को मजबूर
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे भीषण युद्ध ने एक और परिवार को गंभीर संकट में धकेल दिया है। पटियाला का होनहार 35 वर्षीय दो बहनों का सहारा युवक गगनदीप सिंह, जो उच्च शिक्षा के सपने लेकर रूस गया था, आज युद्ध के मैदान में मौत के साये में फ्रंटलाइन पर लड़ने को मजबूर है। इस दुखद स्थिति ने उसके परिवार को गहरे दुख और चिंता में डाल दिया है। इस बारे में राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने विदेश मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर गगनदीप की सुरक्षित भारत वापसी की अपील की है।
पीड़ित परिवार ने निर्मल कुटिया सुल्तानपुर लोधी में राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल को बताया कि गगनदीप को नौकरी का झांसा देकर धोखे से रूसी सेना में भर्ती करवा दिया गया। गगनदीप की बहन लखविंदर कौर ने बताया कि वह एम.ए. करने के बाद जून 2025 में उच्च शिक्षा के लिए स्टडी वीजा पर रूस गया था। शुरुआती कुछ महीनों तक वह परिवार के लगातार संपर्क में रहा, लेकिन सितंबर 2025 के बाद उसका संपर्क कम हो गया। बाद में मिले संदेशों से पता चला कि उसे उसके ही साथी ने गार्ड की नौकरी का झांसा देकर रूसी सेना में भर्ती करवा दिया है।
लखविंदर कौर ने बताया कि गगनदीप पिछले लगभग 7 महीनों से यूक्रेन युद्ध में फ्रंटलाइन पर लड़ने को मजबूर है, जबकि उसे किसी प्रकार का युद्ध प्रशिक्षण नहीं दिया गया था। उसके साथियों की मौत हो चुकी है, जिसके कारण वह मानसिक रूप से बहुत प्रभावित है। परिवार के अनुसार, एक होनहार छात्र के हाथों में कलम की जगह बंदूक दे दी गई है। परिवार ने यह भी बताया कि गगनदीप ही घर का एकमात्र सहारा है, क्योंकि उसके माता-पिता और एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उस पर दो बहनों और दादी की जिम्मेदारी है।
साथ आए एक अन्य परिजन जगतार सिंह ने बताया कि आखिरी बातचीत में गगनदीप ने वहां के बेहद खतरनाक हालातों के बारे में बताया था, जहां हर समय गोलीबारी और बमबारी हो रही है। भाषा की समस्या के कारण उससे जबरदस्ती दस्तखत भी करवाए गए। उसे ठीक से खाना भी नहीं मिल रहा और वह हर तरफ तबाही के दृश्य देख रहा है, जिनकी वीडियो उसने परिवार के साथ साझा की हैं।
इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि यह मामला वह जनवरी महीने से लगातार विदेश मंत्रालय के समक्ष उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास द्वारा भी गगनदीप की रिहाई के प्रयास जारी हैं। उन्होंने भारत सरकार से पुनः अपील की कि इस गंभीर स्थिति में तुरंत हस्तक्षेप किया जाए और रूस सरकार से संपर्क कर गगनदीप सिंह को सुरक्षित तरीके से वापस भारत लाया जाए।



.jpg)



















No comments