ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में बैसाखी पर मातम-- ब्यास दरिया में डूबे चाचा-भतीजा ....

- NDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर शव निकाले 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला     

कपूरथला में बैसाखी के दिन उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब गांव बुताला वासी चाचा-भतीजा दरिया ब्यास में नहाते समय डूब गए। दोनों युवक गांववासियों के साथ बुताला और चक्कोकी मंड के बीच स्थित दरिया ब्यास में बैसाखी के पवन दिवस पर स्नान करने पहुंचे थे।  

हादसे की सूचना मिलते ही थाना ढिलवां की पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ व गोताखोरों की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव दरिया से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

मृतकों की पहचान रमनदीप सिंह (22) पुत्र बूटा सिंह और गुरदेव सिंह (30) पुत्र तरसेम सिंह निवासी गांव बुताला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार को बैसाखी पर्व के अवसर पर गांव से ट्रॉली भरकर लोग दरिया में स्नान के लिए पहुंचे थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।  

इसी दौरान रमनदीप सिंह और गुरदेव सिंह भी संगत के साथ दरिया में नहा रहे थे। पानी का बहाव तेज होने के कारण एक युवक डूबने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में दूसरा भी गहरे पानी में चला गया और दोनों तेज बहाव में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

थाना ढिलवां के एसएचओ दलविंदरबीर सिंह ने बताया कि दोपहर बाद उन्हें घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ व गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने बताया कि दोनों मृतक आपस में चाचा-भतीजा थे। इस दुखद घटना के बाद गांव बुताला में शोक की लहर है और पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है। 

No comments