ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में चलती कार पर फायरिंग के बाद धमकी भरी कॉल, सुने रिकार्डिंग ....

- 2025 के एक मामले में CIA अधिकारियों के पक्ष में गवाही देने का दबाव   

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला     

कपूरथला की सबडिवीजन फगवाड़ा में जालंधर रोड स्थित देर शाम एक चलती कार पर फायरिंग के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। घटना के बाद जहां पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित को एक विदेशी नंबर से आई धमकी भरी कॉल की रिकॉर्डिंग भी सामने आई है।

रिकॉर्डिंग के अनुसार कॉल करने वाला व्यक्ति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए पीड़ित को 2025 के एक पुराने मामले में सीआईए स्टाफ के तत्कालीन अधिकारियों के पक्ष में बयान देने के लिए धमकी दे रहा है। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि “यह तो अभी सिर्फ ट्रेलर है, अगर CIA के पक्ष में बयान नहीं दिए तो घर में घुसकर परिवार को उड़ा देंगे।”

बता दे कि वीरवार देर शाम फगवाड़ा के आशीष होटल के नजदीक एक कार पर फायरिंग की घटना होने की बात समाने आई थी। जिसमे पीड़ित की पहचान सुखविंदर कुमार उर्फ हनी निवासी काशी नगर, फगवाड़ा के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार वह अपनी कार से जा रहा था, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसका पीछा किया और पीछे से उसकी गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। उसने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए कार की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से सुरक्षित निकलने में सफल रहा। 

पीड़ित सुखविंदर कुमार ने आरोप लगाया कि यह हमला मई 2025 के एक मामले से जुड़ा हुआ है। जिसमें उसे नशीले पदार्थों के केस में गिरफ्तार किया गया था। उसका दावा है कि उस दौरान CIA स्टाफ के कुछ अधिकारियों ने मामला खत्म करने के लिए पहले 10 लाख रुपये की मांग की, जो बाद में 2.5 लाख रुपये में तय हुई। पैसे देने के बाद उसने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच में चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, जिनमें तत्कालीन CIA इंचार्ज भी शामिल थे।

वहीँ फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने फायरिंग और धमकी दोनों एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी है। DSP फगवाड़ा भारत भूषण ने बताया कि कॉल की रिकॉर्डिंग और नंबर की जांच गंभीरता से की जा रही है। फ़िलहाल पीड़ित के बयान दर्ज किये जा रहे है।  

फिलहाल पुलिस सुरक्षा और अन्य पहलुओं को लेकर भी जांच कर रही है, ताकि पीड़ित और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। 

No comments