ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला के इस क्षेत्र में देर शाम चलती कार पर फायरिंग, ‘टारगेटेड अटैक’ का आरोप ....

- घटना के बाद विदेशी नंबर से आए कई धमकी भरे फ़ोन  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला     

कपूरथला की सब डिवीज़न फगवाड़ा में जालंधर रोड पर गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है।  जिसमे अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की चलती कार पर गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि पीड़ित बाल-बाल बच गया। इस घटना को कथित तौर पर ‘टारगेटेड अटैक’ माना जा रहा है। जिससे पहले से चल रहे पुलिस भ्रष्टाचार के एक मामले से जुड़ी धमकियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 

वहीं एसएसपी गौरव तूरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलीबारी की घटना को लेकर मामला दर्ज किया जा रहा है और पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। 

जानकारी अनुसार यह वारदात फगवाड़ा के आशीष होटल के नजदीक हुई। पीड़ित की पहचान सुखविंदर कुमार उर्फ हनी निवासी काशी नगर, फगवाड़ा के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार वह अपनी कार से जा रहा था, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसका पीछा किया और पीछे से उसकी गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। उसने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए कार की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से सुरक्षित निकलने में सफल रहा।

सुखविंदर कुमार ने आरोप लगाया कि यह हमला मई 2025 के एक मामले से जुड़ा हुआ है। जिसमें उसे नशीले पदार्थों के केस में गिरफ्तार किया गया था। उसका दावा है कि उस दौरान CIA स्टाफ के कुछ अधिकारियों ने मामला खत्म करने के लिए पहले 10 लाख रुपये की मांग की, जो बाद में 2.5 लाख रुपये में तय हुई। पैसे देने के बाद उसने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच में चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, जिनमें तत्कालीन CIA इंचार्ज भी शामिल थे।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त पुलिस अधिकारी तब से उस पर, उसके ससुर और वकील पर दबाव बना रहे हैं कि वे अदालत में उनके पक्ष में गवाही दें। उसके मुताबिक, गवाही बदलने के लिए पैसे का लालच भी दिया गया और मना करने पर जान से मारने की धमकियां दी गईं। उसने दावा किया कि उसके पास इन आरोपों से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं और घटना के बाद भी उसे लगातार धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं।

पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि शाम करीब 5:30 बजे सिटी थाना में सूचना देने के बावजूद तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की गई और उसे अलग-अलग थानों—सदर और सतनामपुरा—के बीच भटकाया जाता रहा।

No comments