कपूरथला में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास मिला युवक का शव ...
- वीरवार रात शौच का कहकर गया था, परिजन कर रहे थे तलाश
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के थाना सिटी पुलिस ने लोगों की सूचना पर कुष्ठ आश्रम रोड स्थित वाटर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास से एक युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
मृतक युवक की पहचान जसकरण सिंह (22 वर्ष) पुत्र जज सिंह निवासी बाबा ज्ञाननाथ डेरा, कुष्ठ आश्रम रोड कपूरथला के रूप में हुई। सूचना मिलने पर उसके परिजन भी सिविल अस्पताल पहुंच गए।
मृतक की मां रूपा ने बताया कि उनका बेटा जसकरण सिंह अपने नाना-नानी के घर अजीत नगर में रहता था और अपने पिता के साथ ऑटो रिक्शा में सवारियां लेकर आता-जाता था। वीरवार रात करीब 8 बजे वह अपने पिता के साथ बस स्टैंड पर खड़ा था। इसी दौरान वह यह कहकर वहां से चला गया कि वह शौच के लिए जा रहा है, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनो ने कई जगह उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला।
शुक्रवार को उसके एक दोस्त का फोन आया कि जसकरण वाटर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास पड़ा है। जब वह वहां पहुंचे तो मालूम हुआ कि पुलिस शव को सिविल अस्पताल ले जा चुकी है। बाद में अस्पताल की मोर्चरी में रखे शव की पहचान जसकरण सिंह के रूप में हुई।
मामले की जांच कर रहे एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि लोगों की सूचना पर वाटर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास से एक युवक का शव बरामद किया था। परिजनों ने अपने बयानों में बताया कि जसकरण सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई है और उसे पहले भी अटैक आया था।
परिवार ने किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई करवाने से इंकार कर दिया। एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों और उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद शव को बिना पोस्टमार्टम के वारिसों के हवाले कर दिया गया।



.jpg)



















No comments