कपूरथला में मिले घायल युवक की मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप ...
- पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के बयान पर होगी कार्यवाही -- IO
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला में गांव दयालपुर रोड पर एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे तुरंत इलाज के लिए करतारपुर के अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की हालत गंभीर देखते हुए ड्यूटी डॉक्टर ने उसे जालंधर के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 4 मार्च की शाम को युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों ने 5 मार्च को युवक के शव को नडाला के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था। दो दिन बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए कपूरथला के सिविल अस्पताल लेकर आए और वहां के शवगृह में रखवा दिया।
मृतक युवक के भाई तिलक राज ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। तिलक राज ने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने छोटे भाई का शव लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचे थे, लेकिन सुबह से शाम तक पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
तिलक राज ने दावा किया कि उसके भाई की मौत सड़क दुर्घटना में नहीं बल्कि हत्या के कारण हुई है। उन्होंने बताया कि 3 मार्च की सुबह उसका भाई रोज की तरह अपने काम पर गया था। रवि कुमार मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करता था। उसके परिवार में दो बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र 8 वर्ष और दूसरी की उम्र 5 वर्ष है।
तिलक राज के अनुसार 4 मार्च को उन्हें सूचना मिली कि उनका भाई गांव दयालपुर रोड पर बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है और उसके शरीर पर बुरी तरह मारपीट के निशान हैं। उन्होंने बताया कि रवि कुमार को सड़क किनारे से उसकी पत्नी पूजा रानी और साला कारण वहां से लेकर आए थे। शुरुआत में परिजनों को लगा कि यह सड़क हादसा है, लेकिन बाद में उन्हें शक हुआ कि किसी ने रवि कुमार को बांधकर बुरी तरह पीटा और बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय रवि कुमार पुत्र परमजीत निवासी गांव जग्गा, नडाला के रूप में हुई है।
इस मामले में जब थाना सुभानपुर के एएसआई परमजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि 3 मार्च को सूचना मिली थी कि गांव दयालपुर रोड पर एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है, जिसे परिजनों ने जालंधर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया था। इलाज के दौरान 4 मार्च को उसकी मौत हो गई।
एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला लाया गया था, लेकिन जरूरी दस्तावेज पूरे न होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। फिलहाल शव को सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में रखवा दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



.jpg)



















No comments