ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में फाइनांस कंपनी के कारिंदे से हथियार दिखाकर 2.73 लाख की लूट, FIR दर्ज ...

- अज्ञात बदमाशो ने लात मारकर बाइक सहित गेहूं के खेतों में गिराया, फिर घटना को दिया अंजाम  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला में फाइनांस कंपनी के एक कारिंदे से हथियारों के बल पर 2.73 लाख रुपये लूटे जाने का मामला सामने आया है। घटना गांव जब्बोवाल के पास की बताई जा रही है। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में निर्दोष कुमार निवासी गांव लाड़ी बावियां जिला पठानकोट, हाल निवासी किरायेदार सरवन राम मोहल्ला मौरी सुल्तानपुर लोधी ने बताया कि वह आरबीएल फाइनांसर लिमिटेड ब्रांच सुल्तानपुर लोधी-2 में पिछले तीन साल से ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उनकी ब्रांच में पिछले दो वर्षों से निशान सिंह निवासी वाताकाली रौण थाना मक्खू जिला फिरोजपुर कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम कर रहा है।

निर्दोष कुमार के अनुसार 5 मार्च की रात करीब 8 बजे निशान सिंह का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि वह गांव जब्बोवाल से थोड़ा पीछे अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात युवकों ने उसे लात मारकर बाइक समेत गेहूं के खेतों में गिरा दिया।

इसके बाद दोनों युवक तेजधार हथियार लेकर उसे जान से मारने की नीयत से उसके पास आए और दिनभर के कलेक्शन का बैग छीन लिया। बैग में 2 लाख 73 हजार 950 रुपये की नकदी थी। आरोपी उसे धमकाकर पैसों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर भी साथियों के साथ लुटेरों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 


No comments