ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब राज्य खाद्य आयोग सदस्य ने ब्लॉक नडाला का किया निरीक्षण .....

- स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और राशन डिपुओं की जाँच, स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करने के भी निर्देश  

 खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला     

पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने आज कपूरथला जिले के ब्लॉक नडाला क्षेत्र के अंतर्गत गांव गाजी गुडाना, गांव संगोवाल, गांव जै-रामपुर तथा गांव दयालपुर में विभिन्न सरकारी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा सरकारी राशन डिपुओं का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति का मूल्यांकन करना था। 

निरीक्षण के दौरान दत्त ने मिड-डे मील की गुणवत्ता, रसोईघरों की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा साफ-सफाई व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने मिड-डे मील वर्करों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अनिवार्य बताते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता को लेकर संवाद किया तथा उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। 

विजय दत्त ने सभी स्कूलों में पीने के पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करने पर विशेष जोर दिया और कहा कि जहां भी पर्याप्त भूमि उपलब्ध हो, वहां किचन गार्डन अवश्य लगाए जाएं, ताकि बच्चों को ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध कराई जा सकें। 

निरीक्षण के दौरान विजय दत्त ने विशेष रूप से स्कूलों में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, भंडारण एवं उपयोग की स्थिति की गहन समीक्षा की। गैस आपूर्ति में संभावित कमी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्कूल प्रबंधन से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। स्कूल प्रबंधन द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में उनके पास पर्याप्त गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है तथा आवश्यकतानुसार सिलेंडर भरवाकर सुरक्षित रूप से रखा गया है, जिससे फिलहाल किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में भी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए, ताकि मिड-डे मील का कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। 

इसके अतिरिक्त सरकारी राशन डिपुओं का भी निरीक्षण किया गया, जहां खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान दत्त ने लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाले राशन की गुणवत्ता, मात्रा एवं वितरण प्रक्रिया के बारे में फीडबैक लिया तथा संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, डिपुओं पर उपलब्ध गेहूं की गुणवत्ता की जांच करते हुए उसका नमी स्तर (मॉइस्चर) भी चेक किया गया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। 

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा सरकारी राशन डिपुओं में पंजाब राज्य खाद्य आयोग का हेल्पलाइन एवं शिकायत नंबर 9876 764545 प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आम जनता एवं लाभार्थी अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें। 

निरीक्षण के उपरांत विजय दत्त ने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

No comments