ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब रोडवेज कर्मियों की कपूरथला में गेट रैली ...

- सरकार पर शोषण और निजीकरण को बढ़ावा देने के आरोप  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

पंजाब रोडवेज पनबस/PRTC कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब द्वारा आज पूरे राज्य में डिपो के बाहर गेट रैलियां आयोजित की गईं। यूनियन नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

यूनियन नेता गुरप्रीत सिंह पन्नू ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह भारत के महान क्रांतिकारी थे, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि 23 मार्च 1931 को मात्र 23 वर्ष की उम्र में भगत सिंह शहीद हो गए, लेकिन उनके बलिदान ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और गति दी। आज भी पूरा देश उनके बलिदान को श्रद्धा से याद करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भगत सिंह के आदर्शों का नाम लेकर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार अब कर्मचारियों की आवाज को दबाने का काम कर रही है। यूनियन के अनुसार, किलोमीटर स्कीम के विरोध में आवाज उठाने वाले कर्मचारियों पर पहले भी गैर-कानूनी तरीके से केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया।

यूनियन नेताओं ने कहा कि कई बैठकों में यह साबित किया जा चुका है कि किलोमीटर स्कीम की बसें घाटे का सौदा हैं, इसके बावजूद ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर अपने नजदीकियों को फायदा पहुंचाने के लिए इस स्कीम को लागू कर रहे हैं, जिससे विभाग को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।

जनरल सेक्रेटरी हरपाल सिंह भुल्लर, प्रेस सेक्रेटरी नरिंदर सिंह खालसा और स्टेज सेक्रेटरी गुरभेज सिंह ने कहा कि सरकार खुद विधानसभा में आउटसोर्सिंग के जरिए कर्मचारियों के शोषण की बात स्वीकार करती है, लेकिन इसके बावजूद कॉन्ट्रैक्टरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि PUNBUS/PRTC में GAT और कमीशन के नाम पर सालाना करीब 28 करोड़ रुपये की लूट हो रही है।

नेताओं ने यह भी कहा कि कॉन्ट्रैक्टर कर्मचारियों के EPF और ESI का पैसा समय पर जमा नहीं कर रहे और वेतन से गैर-कानूनी कटौतियां की जा रही हैं। इसके बावजूद सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

कैशियर गुरमीत सिंह भुल्लर, दविंदर सिंह मनोचाहल और असिस्टेंट कैशियर गुरतेज सिंह मानक ने कहा कि 23 मार्च तक PRTC कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने बताया कि विभाग सरकार को फ्री यात्रा के लिए 1200 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करता है, लेकिन सरकार द्वारा यह राशि जारी नहीं की जा रही।

यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया गया तो 25 मार्च को PRTC हेड ऑफिस के बाहर धरना दिया जाएगा और संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर गुरविंदर सिंह सिद्धू, दिलप्रीत सिंह और जसप्रीत सिंह समेत कई कर्मचारी उपस्थित रहे।  

No comments