ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में हेमा हत्याकांड में मुख्य आरोपी के साथी को हरियाणा पुलिस ने हथियारों सहित दबोचा ....

- कपूरथला पुलिस आरोपी को जल्द लाएगी प्रोडक्शन वारंट पर -- DSP 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला में 2 जनवरी को हुए बहुचर्चित हेमा हत्याकांड से जुड़े मुख्य आरोपी के साथी बाइक चालक को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध हथियार भी बरामद हुए है। इसकी पुष्टि करते हुए कपूरथला के डीएसपी दलजीत सिंह ने बताया कि हेमा मर्डर केस में यह आरोपी लंबे समय से वांटेड था और उसे जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर कपूरथला लाया जाएगा।  

जानकारी अनुसार जींद पुलिस ने पंजाब के कपूरथला में हुए हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो देसी पिस्तौल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। 

जींद डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर कमल सिंह के अनुसार पुलिस टीम रामराय जाने वाले रास्ते पर नहर पुल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। 

पुलिस वाहन को देखकर आरोपी गांव रामराय की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान विक्रमजीत उर्फ विक्की निवासी कपूरथला, पंजाब के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके बैग से 32 बोर और 45 बोर के दो देसी पिस्तौल तथा 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी विक्रमजीत ने खुलासा किया कि वह कपूरथला में हेमप्रीत कौर उर्फ हेमा की हत्या के मामले में शामिल था। यह मामला कपूरथला थाना सिटी में दर्ज है और वह करीब दो महीने से फरार चल रहा था।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने का केस दर्ज कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वहीं कपूरथला पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है। 

No comments