ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में शादी समारोह के दौरान विवाद, दूल्हे के पिता की मौत ....

- दूल्हे का जीजा गुस्सा होकर कार में जाने लगा तो कार रिवर्स करते समय पिता पर चढ़ी कार 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला के ढिलवां क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुए पारिवारिक विवाद के बाद दूल्हे के पिता की दर्दनाक मौत होने की खबर है। जबकि सीमे दो युवक घायल भी हुए है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना ढिलवां की पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी ने भी बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। बयान दर्ज होने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।  

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार ढिलवां में आज जसवीर सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव मुद्दोवाल की शादी का समारोह चल रहा था। इसी दौरान पारिवारिक सदस्यों के बीच मामूली विवाद हो गया। विवाद के बाद दूल्हे का जीजा जगजीत सिंह गुस्से में वहां से जाने लगा। जब वह कार को रिवर्स कर रहा था, तभी दूल्हे के पिता प्रेम सिंह और एक अन्य युवक कार के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

गंभीर हालत में घायल प्रेम सिंह, जगजीत सिंह और मनिंदर सिंह को उपचार के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती करवाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने प्रेम सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। 

घायलों की पहचान मनिंदर सिंह पुत्र रामा निवासी गांव भीखा करतारपुर और जगजीत सिंह पुत्र जसबीर सिंह निवासी सदर थाना क्वार्टर कपूरथला के रूप में हुई है। 

जाँच अधिकारी के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 




No comments