ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में चलती हुई एक ब्रीजा कार में अचानक लगी आग ....

- महिला कार चालक ने परिवार को बचाया, फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी मार्ग पर देर रात चलती हुई एक ब्रीजा कार में अचानक आग लगने की खबर है। जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर लोधी से फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। 

कार चालक बलविंदर कौर पत्नी दिलबाग सिंह वासी गांव बाऊपुर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ गांव लौट रही थीं कि अचानक गाड़ी के इंजन से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 

पीड़ित महिला बलविंदर कौर ने बताया कि आग लगते ही पहले गाड़ी में रखे पानी से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद आसपास से मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, पर आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार से करीब दस फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरी कार आग की चपेट में आ गई। 

वहीँ फायर अधिकारी चरणजीत सिंह ने बताया कि रात 8:05 पर घटना की जानकारी मिलते ही सुल्तानपुर लोधी फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

No comments