कपूरथला में एक गर्भवती महिला ने एंबुलेंस में दिया पुत्र को जन्म ...
- रेलवे फाटक बंद होने के कारण एंबुलेंस में ही करवाना पड़ा प्रसव
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला में कस्बा ढिलवां से एक गर्भवती महिला को लेकर कपूरथला सिविल अस्पताल जा रही 108 एंबुलेंस में रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया है। दो रेलवे फाटक बंद होने के कारण समय पर अस्पताल न पहुंच पाने की स्थिति में एंबुलेंस स्टाफ ने सूझबूझ, साहस और चिकित्सकीय दक्षता का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही महिला की सफल डिलीवरी करवाई।
प्राप्त जानकारी अनुसार 108 एंबुलेंस के पायलट प्रगट सिंह और ईएमटी आलम को गांव ढिलवां से सूचना मिली थी कि एक गर्भवती महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस टीम बिना देरी किए महिला को लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला के लिए रवाना हो गई। रास्ते में पड़ने वाले दो रेलवे फाटक बंद होने के कारण एंबुलेंस को रुकना पड़ा, इसी दौरान महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
हालात की गंभीरता को भांपते हुए एंबुलेंस स्टाफ ने धैर्य बनाए रखा और मौके पर ही सभी आवश्यक चिकित्सा मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित प्रसव करवाया। महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा-बच्चा दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित रूप से कपूरथला सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला की पहचान सुल्ताना पत्नी आलम मोहम्मद निवासी गांव ढिलवां के रूप में हुई है। सिविल अस्पताल कपूरथला की ड्यूटी इंचार्ज मनदीप कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल में आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल प्रदान की जा रही है।
इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा के स्टाफ की तत्परता, सेवाभाव और मानवीय दृष्टिकोण की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि समय पर लिया गया सही निर्णय एक परिवार के लिए खुशियों की सौगात बन गया।




.jpg)



















No comments