ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में कानून-व्यवस्था बे-पटरी ...

- फायरिंग–फिरौती–हत्या-लूट की घटनाओं से दहशत का माहौल  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

AI से तैयार फोटो 

कपूरथला में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। बीते कुछ दिनों में फायरिंग, विदेशी नंबरों से फिरौती की कॉल, लूट, स्नैचिंग, चोरी और अब एक महिला की दिनदिहाड़े हुई हत्या की घटना ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

बता दे कि कुछ दिन पहले शहर के एक बड़े होलसेल किरयाना व्यापारी के गोदाम पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी। इसके बाद व्यापारी को विदेशी नंबर से कॉल कर 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। इससे कुछ दिन पहले ही एक पार्षद को भी विदेशी नंबर से कॉल कर 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। और एक ही रात दो पेट्रोल पंपों पर लूट और वहीं सब डिवीज़न फगवाड़ा में SBI के ATM को काटकर 29 लाख की लूट की घटना घटी थी।  

अपराध का सिलसिला यहीं नहीं थमा। हाल ही में मोहल्ला सीनपुरा में दो बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के घर में घुसकर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र के लोगो में दहशत का माहौल है।

हालांकि इन सभी मामलों में पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू करते हुए संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीँ व्यापारी के गोदाम पर फायरिंग के बाद उसको सुरक्षा भी दे दी गई है। और सभी मामलो में पुलिस की टीमें गम्भीरता से अपरधिओ की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। और किसी भी मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल और गहरे हो गए हैं। 

इसके अलावा चोरी और स्नेचिंग की घटनाये भी लगातार सामने आ रही है। जिससे यह साफ है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय नागरिकों की माने तो पुलिस की गश्त कम ही देखने को मिलती है। और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में पुलिस प्रशासन अभी तक नाकाम साबित हो रहा है। वहीँ आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

जनता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।  विदेशी नंबरों से आ रही फिरौती कॉल की गहनता से जांच हो और शहर में कानून-व्यवस्था को सख्ती के साथ लागू किया जाए। फिलहाल कपूरथला में बढ़ते अपराध जिला पुलिस के लिए गंभीर चेतावनी बने हुए हैं और आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। 

DSP सब डिवीज़न शीतल सिंह ने बताया कि पेट्रोल पम्प लूट मामले में कुछ आरोपी काबू किये जा चुके है। जिनके बारे जल्द ही खुलासा किया जायगा। और सभी मामले जल्द सुलझा कर जनता को सुरक्षित होने का आभास करवाया जायगा।  

No comments