ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला के बाढ़ प्रभावित इलाके में खाद व डीजल की अभी भी जरूरत -- संत सीचेवाल

- देश के दानवीर सज्जनों से मदद की अपील 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के गांव बाऊपुर मंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चल रही सेवा का जायजा लेते हुए राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल ने कहा कि इस क्षेत्र के किसानों को गेहूं बोने के लिए खाद, बीज और डीजल की आज भी सख्त जरूरत है। उन्होंने आज बाऊपुर मंड के उस इलाके का दौरा किया जहां बाढ़ आने के बाद अस्थायी बांध को ऊंचा और मजबूत किया जा रहा है। 

इस इलाके में 4 माह पहले आए बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। भैणी कादर बख्श गांव के पास 10 और 11 अगस्त की दरमियानी रात को बांध टूटा था। इस बाढ़ से मंड इलाके की 3500 एकड़ फसल तबाह हो गई थी। किसानों की जमीनों में 4 से 5 फुट तक रेत चढ़ गई थी। 

खेत समतल करने में लगे किसानों की मदद के लिए गए सीचेवाल खुद भी घंटों तक ट्रैक्टर चलाते रहते हैं। पंजाब के अलावा बाढ़ पीड़ित किसानों की मदद के लिए हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से भी किसानों ने आर्थिक मदद भेजी थी। वहां हरियाणा के जिला सिरसा में किसान ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर भी आए थे। 

कई किसानों के खेतों में तो नदी ने बड़े गहरे गड्ढे बना दिए थे। बाढ़ आने के सवा महीने बाद किसानों के खेत समतल करने की विशेष मुहिम चलाई गई थी। किसानों के खेतों से निकाली गई रेत से अस्थायी बांध को ऊंचा और मजबूत किया जा रहा है। 

किसानों ने भी प्रवासी पंजाबियों से अपील की कि वे खाद, बीज और डीजल का प्रबंध करने में मदद करें। इन किसानों का कहना था कि एक फसल के लिए उनकी मदद कर दी जाए तो वे अपने पैरों पर खड़े हो सकते हैं।  

No comments