पवित्र वेईं पर 2 करोड़ की लागत से पक्का होगा रास्ता और लगेगी ग्रिल .....
- राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल ने तलवंडी चौधरियां पुल से की शुरुआत
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल ने पवित्र वेईं के किनारे को पक्का करने के काम की औपचारिक शुरुआत की है। तलवंडी चौधरियां पुल से लेकर गुरुद्वारा श्री बेर साहिब तक वेईं का एक तरफ का हिस्सा पक्का करने से रह गया था। इस तरफ कई लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को वैध ठहराने के लिए अदालतों का सहारा भी लिया गया था। गुरुद्वारा बेर साहिब से लेकर गुरुद्वारा संत घाट तक दोनों तरफ पत्थर लगे हुए हैं लेकिन इस थोड़े से टुकड़े में पत्थर नहीं लगा हुआ था।
संत सीचेवाल ने जयकारों की गूंज में वेईं के इस तरफ को पक्का करके रेलिंग लगाने का काम शुरू करवाया। वहीँ ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों ने जेसीबी मशीन से टाइलें लगाने से पहले किनारे की सफाई करवाई। ड्रेनेज विभाग के एक्सियन सरताज सिंह ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर 2 करोड़ की लागत आएगी। उन्होंने यह भी बताया कि संत सीचेवाल द्वारा साल 2003 के दौरान वेईं के किनारे पत्थर लगाया गया था।
वेईं के एक तरफ का बड़ा हिस्सा पक्का करने से कई कारणों से रह गया था। अब इसे दो हिस्सों में बांटकर टाइलें लगाई जाएंगी और साथ ही लोहे की रेलिंग लगाई जाएगी। पहले 1500 फुट पर यह फर्शी टाइलें लगाई जाएंगी और उसके बाद 900 फुट टाइलें लगाई जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा ऐतिहासिक नगरी सुल्तानपुर लोधी को स्मार्ट सिटी घोषित किया गया था। इस प्रोजेक्ट में पवित्र वेईं की सुंदरता के लिए 46 करोड़ रुपये की ग्रांट आई थी। इस अवसर पर नगर सुधार ट्रस्ट कपूरथला के चेयरमैन तथा सुल्तानपुर लोधी के हल्का इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा भी मौजूद थे।
उद्घाटन से पहले आज राज्य सभा सदस्य संत बलवीर सिंह सीचेवाल द्वारा ADC नवनीत कौर बल, SDM अलका कालिया सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मीटिंग की गई। उन्होंने इस मीटिंग के दौरान प्रकाश पर्व के समागमों से संबंधित तैयारियों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली और शहर की सड़कों को बनाने को मुख्य प्राथमिकता देने का जोर दिया। उन्होंने मौके पर सुल्तानपुर लोधी के नव नियुक्त DSP धीरेंद्र वर्मा को शहर में हो रही चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए भी कहा है।
इसी तरह शहर की और पवित्र वेईं पर स्ट्रीट लाइटें चलाने पर जोर दिया गया। संत सीचेवाल ने कहा कि अब जब गुरपुर्व के अवसर पर आ रही संगतों के लिए सुल्तानपुर के लोगों द्वारा उनके स्वागत के लिए अपने घरों के दरवाजे तक खोल दिए हैं लेकिन सुल्तानपुर लोधी के पब्लिक शौचालय का बंद रहना बहुत निराशाजनक बात है। इस मीटिंग में बी.डी.पी.ओ. अवतार सिंह के अलावा, ड्रेनेज, बिजली विभाग और सीवरेज बोर्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे।









.jpeg)











No comments