पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड का 12वीं अंग्रेजी पेपर समय से एक घंटा पहले हुआ रद्द .... ???
- 2 बजे शुरू होना था पेपर लेकिन लीक होने का शक, परीक्षा केन्द्रो में पहुंच चुके थे स्टूडेंट
खबरनामा इंडिया ब्यूरो पंजाब
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा का आज दोपहर होने वाले अंग्रेजी पेपर को अचानक एक घंटे पहले रद्द कर दिया। बोर्ड ने इसके पीछे प्रबंधकीय कारण बताया है। लेकिन आशंका जताई जा रही है कि पेपर लीक हुआ था। विभाग के इस फैसले के बाद छात्रों में मायूसी है।
बता दे कि आज शुक्रवार को छात्र परीक्षा केन्द्रों में पेपर देने हेतु पहुंच चुके थे लेकिन इस बीच उन्हें सूचित किया गया कि पेपर रद्द कर दिया गया है। अचानक से पेपर रद्द होने की सूचना मिलने पर छात्र हैरत में पड़ गए। शिक्षा बोर्ड के प्रवक्ता के अनुसार अंग्रेजी विषय की परीक्षा प्रशासनिक कारणों के चलते रद्द करनी पड़ी है।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के कंट्रोलर ने जिला शिक्षा अधिकारी के साथ-साथ स्कूल प्रबंधों को पेपर रद्द के ऑर्डर भिजवा दिए हैं। वहीं पेपर रद्द होने के कारण स्टूडेंट्स को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों ने बताया कि 1 बजे के बाद परीक्षा रद्द होने की उन्हें सूचना दी गई। जबकि अंग्रेजी का पेपर दोपहर 2 बजे शुरू होना था।
बेरंग लौटे छात्रों ने कहा कि उन्होंने परीक्षा की पूरी तैयारी की हुई थी लेकिन इस तरह का फैसला विभाग ने अचानक लिया जो हैरान करने वाला है। यह भी बता दें 12वीं कक्षा के पेपर 20 फरवरी से शुरू हुए है और 21 अप्रैल तक होने है।













No comments