ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला के इस क्षेत्र में करियाना व्यापारी को बाइक सवारो ने मारी गोलियां, हालत गंभीर ....

- बाइक पर आये दो युवक व्यापारी से बिना वजह उलझे और एक ने पिस्टल निकाल मार दी गोली   

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला        

कपूरथला की तहसील फगवाड़ा के अनोखी नगर में देर रात एक करियाना व्यापारी संजय सचदेवा को अज्ञात बाइक सवार दो युवकों ने गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। प्राथमिक जानकारी अनुसार व्यापारी के एक गोली छाती में लगी है। 

घटना की पुष्टि करते हुए फगवाड़ा थाना सिटी प्रभारी अमनदीप सिंह ने बताया कि घायल संजय सचदेवा किराने की दुकान के साथ मनी एक्सचेंज का भी काम करता है। देर रात वह दुकान बंद करके घर जाने की तैयारी में था। उसी दौरान वहां बाइक पर दो युवक आ गए। 

जानकारी यह भी है कि युवको ने बिना किसी बात के संजय के साथ उलझना शुरू कर दिया। संजय के साथ उलझते वक्त ही एक युवक ने पिस्तौल निकाली और गोली मार दी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। संजय का इलाज जालंधर के निजी अस्पताल में चल रहा है।   

थाना सिटी प्रभारी अमनदीप ने यह भी बताया कि पीड़ित करियाना व्यापारी को नाजुक हालत में स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जालंधर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। यहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि अभी तक यह तथ्य स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर बाइक सवार अज्ञात युवकों ने व्यापारी को गोली क्यों मारी है और इसके पीछे क्या मकसद रहा है। वहीं इस घटना के बाद फगवाड़ा के व्यापारियों में भारी डर का माहौल पाया जा रहा है।  

No comments